मांडर टोल प्लाजा पर बारातियों का तांडव, मैनेजर समेत कई कर्मियों को बेरहमी से पीटा
सीसीटीवी में कैद हुई हिंसा, नियम तोड़ने से रोका तो 50-60 लोगों ने किया हमला, पुलिस जांच शुरू

रांची : मांडर स्थित टोल प्लाजा पर सोमवार देर रात उस अफरा-तफरी मच गई जब बारात में शामिल 50 से 60 लोगों ने मामूली विवाद के बाद जमकर बवाल काटा। उपद्रवियों ने टोल प्लाजा के मैनेजर सहित कई कर्मियों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा जिससे आधा दर्जन से अधिक कर्मचारी घायल हो गए। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। जानकारी के अनुसार बारात में शामिल लोग नियमों को दरकिनार करते हुए गलत दिशा से निकलने का प्रयास कर रहे थे। वे बाइक और ऑटो के लिए निर्धारित लेन से गुजरना चाहते थे। जब सुरक्षा गार्ड ने उन्हें रोका तो विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते बाराती उग्र हो गए। आरोप है कि उपद्रवियों ने टोल कर्मियों के साथ मारपीट के साथ-साथ महिला कर्मचारियों को भी नहीं बख्शा। इस दौरान पत्थरबाजी भी की गई जिससे टोल प्लाजा परिसर में दहशत का माहौल बन गया। घायल कर्मियों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद टोल प्रबंधन की ओर से मांडर थाना में अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। प्रवीण पुष्कर ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी।