डीटीओ का दिखा एक्शन,सड़क पर अवैध रूप से खड़े 8 वाहनों पर कार्रवाई, 62,500 का ई-चालान
उल्लंघन करने वाले कुल 8 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 62,500 रुपये का ई-चालान किया गया।

लातेहार। उपायुक्त लातेहार संदीप कुमार के निर्देश पर जिला परिवहन पदाधिकारी उमेश मंडल के नेतृत्व में शनिवार को चंदवा थाना क्षेत्र की मुख्य सड़क पर अवैध रूप से सड़क किनारे अथवा सड़क पर खड़े हल्के एवं भारी वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
जिला परिवहन विभाग की टीम ने सड़क पर यत्र-तत्र खड़े वाहनों की जांच की। अधिकारियों ने बताया कि सड़क किनारे बेतरतीब तरीके से खड़े वाहनों के कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से यह जांच अभियान चलाया गया।
जांच के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 8 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 62,500 रुपये का ई-चालान किया गया। साथ ही वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने की अपील की गई। परिवहन विभाग ने वाहन चालकों से सड़क पर वाहन खड़ा करते समय निर्धारित नियमों का पालन करने की अपील की है।