पृथ्वी दिवस पर मॉडर्न इंग्लिश स्कूल में जागरूकता की गूंज, विद्यार्थियों ने दिया प्रकृति संरक्षण का संदेश
छोटे कदमों से आएगा बड़ा बदलाव - सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए पर्यावरण बचाने का संकल्प

जमशेदपुर : गुरुद्वारा प्रबंधक कमिटी साकची के अधीन संचालित मॉडर्न इंग्लिश स्कूल में पृथ्वी दिवस के अवसर पर बुधवार को रंगारंग और प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के चारों हाउस (रेड, ब्लू, ग्रीन और येलो) के विद्यार्थियों ने प्रकृति संरक्षण का संदेश देते हुए विभिन्न गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने भाषण, नुक्कड़ नाटक, गीत-संगीत और नृत्य प्रस्तुतियों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, पेड़ों के महत्व और पृथ्वी को बचाने की आवश्यकता पर जोर दिया। करीब 40 छात्रों ने अपनी प्रस्तुति से उपस्थित लोगों को प्रभावित किया। स्मिथ कौर, सजल कुमारी, आर्ची पोद्दार, आर्य सिंह, माही प्रीत, आर्यन कुमार, जश्न प्रकाश, आयुष कुमार, वंश कुमार, राजीव कुमार और गम्मा प्रगति सहित अन्य विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इस अवसर पर स्कूल प्रबंधन के सहायक सचिव सतबीर सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे और विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्रधानाचार्य संतोख सिंह ने कहा कि प्रकृति हमारी जीवनदायिनी है और इसका संरक्षण हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे दैनिक जीवन में छोटे-छोटे बदलाव अपनाकर पर्यावरण संरक्षण में योगदान दें। उन्होंने पेड़ लगाने, पानी की बचत, प्लास्टिक के सीमित उपयोग और ऊर्जा संरक्षण जैसे उपायों को अपनाने पर बल दिया। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित किया कि वे स्कूल के साथ-साथ अपने घर और समाज में भी पर्यावरण जागरूकता फैलाएं। विद्यालय की शिक्षिकाओं के सहयोग से आयोजित यह कार्यक्रम न केवल विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति प्रेम और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में सफल रहा बल्कि समाज को भी पर्यावरण संरक्षण का महत्वपूर्ण संदेश देने में कारगर साबित हुआ।