ताज़ा-ख़बर

ईडी ने पूर्व मंत्री रामेश्वर उरांव और बेटे रोहित उरांव को पूछताछ के लिए भेजा समन

रिपोर्ट: VBN News Desk9 घंटे पहलेझारखण्ड

शराब कारोबार और कथित वित्तीय अनियमितताओं की जांच में 29 व 30 जून को ईडी कार्यालय में तलब, योगेंद्र तिवारी से जुड़े मामले की कड़ियां खंगाल रही एजेंसी

ईडी ने पूर्व मंत्री रामेश्वर उरांव और बेटे रोहित उरांव को पूछताछ के लिए भेजा समन

रांची। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने झारखंड के पूर्व वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव और उनके पुत्र रोहित उरांव को शराब कारोबार से जुड़े कथित वित्तीय अनियमितताओं के मामले में पूछताछ के लिए समन जारी किया है। ईडी ने रोहित उरांव को 29 जून को सुबह 11 बजे रांची स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में उपस्थित होने का निर्देश दिया है, जबकि रामेश्वर उरांव को 30 जून को पूछताछ के लिए बुलाया गया है।

यह कार्रवाई योगेंद्र तिवारी से जुड़े शराब कारोबार और उससे संबंधित वित्तीय अनियमितताओं की जांच के तहत की जा रही है। ईडी इस मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है और उपलब्ध दस्तावेजों एवं वित्तीय लेनदेन की पड़ताल के आधार पर मामले की कड़ियों को जोड़ने का प्रयास कर रही है।

इससे पहले भी ईडी ने योगेंद्र तिवारी से जुड़े शराब कारोबार मामले में तत्कालीन मंत्री रामेश्वर उरांव, उनके पुत्र रोहित उरांव तथा अन्य संबंधित लोगों के ठिकानों पर छापेमारी की थी। जांच के दौरान एजेंसी को कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और जानकारियां मिली थीं।

ईडी की जांच में यह भी सामने आया कि रोहित उरांव की ओर से शराब के व्यापार के लिए एक एकरारनामा किया गया था। हालांकि, जांच एजेंसी का कहना है कि इस एकरारनामे के बावजूद रोहित उरांव ने वास्तविक रूप से शराब के कारोबार में प्रवेश नहीं किया था।

जांच एजेंसी यह भी पड़ताल कर रही है कि वर्ष 2022 की नई उत्पाद नीति लागू होने से पहले झारखंड में शराब के थोक कारोबार में योगेंद्र तिवारी से जुड़ी कंपनियों की क्या भूमिका थी। ईडी के अनुसार, उस समय राज्य के अधिकांश जिलों में योगेंद्र तिवारी से संबंधित कंपनियों के पास शराब के थोक व्यापार के लाइसेंस थे।

ईडी अब पूछताछ के दौरान उपलब्ध दस्तावेजों, वित्तीय लेनदेन और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच को आगे बढ़ाएगी। फिलहाल इस मामले में जांच जारी है और एजेंसी ने आगे भी आवश्यक कार्रवाई के संकेत दिए हैं।

इन्हें भी पढ़ें.