ब्रम्हर्षि विकास मंच के विजया मिलन सह सम्मान समारोह में शिक्षाविद् मदन मोहन सिंह सम्मानित
मदन मोहन सिंह ने कहा - समाज उत्थान में शिक्षा को आधार बनाना होगा, हर वर्ग तक शिक्षा पहुँचाना ही मेरा लक्ष्य

जमशेदपुर : ब्रम्हर्षि विकास मंच की ओर से रविवार को विजया मिलन सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया जिसमें नेताजी सुभाष समूह के संस्थापक एवं नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय के कुलाधिपति मदन मोहन सिंह को समाज की ओर से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन से हुआ। समारोह में समाज के विकास और शिक्षा के क्षेत्र में हो रहे कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि झारखंड-बिहार के शिक्षा जगत में मदन मोहन सिंह का योगदान अविस्मरणीय है। मंच के केंद्रीय अध्यक्ष विकास सिंह ने कहा कि समाज शिक्षा के क्षेत्र में अभी भी पिछड़ा है ऐसे में सिंह जैसे व्यक्तित्व युवाओं के लिए प्रेरणा हैं। सम्मान ग्रहण करते हुए मदन मोहन सिंह ने कहा कि उनका जीवन समाज के प्रत्येक वर्ग को शिक्षित करने के लिए समर्पित है। उन्होंने बताया कि उनके संस्थान में निर्धन छात्रों को मुफ्त शिक्षा दी जाती है और शीघ्र ही रांची में इंजीनियरिंग व मेडिकल कॉलेज की शुरुआत की जाएगी। कार्यक्रम में कर्नल आर.पी. सिंह, राजकिशोर सिंह, आर.एन. सिंह, अनिल ठाकुर सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। संचालन अनीता शर्मा ने किया।