हजारीबाग में हाथियों का कहर, छह लोगों की दर्दनाक मौत, मासूम बच्चे भी शिकार
घर में सो रहे थे लोग, आधी रात को पांच हाथियों ने मचाया उत्पात, क्षेत्र में दहशत

हजारीबाग : झारखंड के हजारीबाग जिले में गुरुवार देर रात हाथियों के झुंड ने भयावह उत्पात मचाते हुए छह लोगों को रौंद कर मार डाला। घटना अंगो थाना क्षेत्र एवं चुरचू प्रखंड के गोंदवार गांव में रात करीब 1 से 1:30 बजे के बीच हुई जब सभी लोग अपने घरों में सो रहे थे। मृतकों में सुमन कुमारी (26), धनेश्वर राम (52), सूरज राम (50), सविता देवी (25) तथा दो छोटे बच्चे अनुराग राम (1) और संजना कुमारी (3) शामिल हैं। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार पांच हाथियों का झुंड गांव में घुस आया और एक घर का गेट उखाड़कर अंदर प्रवेश कर गया जहां लोगों को कुचल दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। बताया जा रहा है कि पिछले एक महीने से हाथियों का झुंड इस क्षेत्र में विचरण कर रहा था। पूर्वी वन प्रमंडल के डीएफओ विकास कुमार उज्ज्वल ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि वन विभाग पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा है। उल्लेखनीय है कि रामगढ़ और गोमिया क्षेत्र में भी हाल के दिनों में हाथियों के हमले की घटनाएं बढ़ी हैं।