बेतला में छात्राओं का बढ़ाया हौसला, बीडीओ रेशमा रेखा मिंज ने शैक्षणिक भ्रमण को बताया सर्वांगीण विकास की कुंजी
किताबी पढ़ाई से आगे अनुभव की शिक्षा, बीडीओ रेशमा रेखा मिंज के मार्गदर्शन में छात्राओं ने सीखा प्रकृति का पाठ

बरवाडीह, लातेहार : संत अन्ना बालिका मध्य विद्यालय, चैनपुर (गुमला) की छात्राओं ने हाल ही में एक प्रेरणादायी शैक्षणिक भ्रमण के तहत बेतला नेशनल पार्क, सुग्गा बांध, नेतरहाट सहित अन्य प्रमुख पर्यटन स्थलों का दौरा किया। इस भ्रमण का नेतृत्व विद्यालय की प्रधानाध्यापिका सि. ललिता सोरेंग ने किया जिसमें शिक्षक-शिक्षिकाओं और छात्राओं की सक्रिय भागीदारी रही। बेतला नेशनल पार्क भ्रमण के दौरान दल की मुलाकात बरवाडीह प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) रेशमा रेखा मिंज से हुई। इस अवसर पर बीडीओ ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि शैक्षणिक भ्रमण बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि ऐसे भ्रमण से बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ता है और वे प्रकृति, वन्यजीवन, जल संरक्षण एवं सांस्कृतिक विरासत को प्रत्यक्ष रूप से समझ पाते हैं। बीडीओ रेशमा रेखा मिंज ने यह भी कहा कि पुस्तकीय ज्ञान के साथ व्यवहारिक अनुभव बच्चों की सोच को व्यापक बनाता है और भविष्य में बेहतर नागरिक बनने में सहायक होता है। छात्राओं ने भी इस यात्रा को ज्ञानवर्धक और आनंददायक बताया। विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों ने शैक्षणिक भ्रमण के सफल आयोजन हेतु प्रशासनिक सहयोग और मार्गदर्शन के लिए आभार जताया। यह यात्रा छात्राओं के लिए एक अविस्मरणीय अनुभव बनकर उभरी है।