आदित्यपुर में अतिक्रमण से बदहाल यातायात, पार्षद नीतू शर्मा ने उपायुक्त से लगाई गुहार
ब्रांच रोड से मेन रोड तक जाम का जाल, कार्रवाई नहीं हुई तो बढ़ सकता है बड़ा खतरा

सरायकेला : आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में बढ़ते अतिक्रमण ने आम जनता की परेशानी को चरम पर पहुंचा दिया है। वार्ड संख्या-17 की पार्षद नीतू शर्मा ने इस गंभीर समस्या को लेकर जिला उपायुक्त को पत्र लिखकर त्वरित कार्रवाई की मांग की है। पार्षद के अनुसार भाटिया बस्ती आर-आईटी मोड़ से लेकर खरकाई ब्रिज के पहले एमपी टॉवर तक ब्रांच रोड और मेन रोड पर वाहनों के कारण भारी अतिक्रमण हो चुका है। सड़कों पर बेतरतीब खड़े दोपहिया और चारपहिया वाहनों से रोजाना लंबा जाम लग रहा है जिससे लोगों को घंटों परेशानी झेलनी पड़ रही है। आशियाना मोड़, शेर-ए-पंजाब फुटबॉल मैदान, इमली चौक और एम.पी. ब्लॉक जैसे प्रमुख इलाकों में मॉल और दुकानों के बाहर सड़क पर ही वाहन खड़े किए जा रहे हैं जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो रहा है। नीतू शर्मा ने कहा कि इस अतिक्रमण से न केवल यातायात व्यवस्था चरमरा गई है बल्कि आपातकालीन सेवाओं के लिए भी रास्ता बाधित हो रहा है जो कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकता है। उन्होंने प्रशासन से विशेष अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाने और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है ताकि आम जनता को जल्द राहत मिल सके।