ताज़ा-ख़बर

जन्म-मृत्यु का शत-प्रतिशत ऑनलाइन निबंधन करें सुनिश्चित: DC

रिपोर्ट: VBN News Desk1 दिन पहलेझारखण्ड

साइबर फ्रॉड से बचाव के लिए सभी निबंधकों को सीआरएस पोर्टल की यूजर आईडी और पासवर्ड गोपनीय रखने की हिदायत दी गई।

जन्म-मृत्यु का शत-प्रतिशत ऑनलाइन निबंधन करें सुनिश्चित: DC

चतरा: समाहरणालय सभागार में उपायुक्त-सह-जिला रजिस्ट्रार की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समन्वय समिति (DLCC) की बैठक संपन्न हुई, जिसमें जिले में जन्म, मृत्यु एवं मृत-जन्म की घटनाओं के शत-प्रतिशत ऑनलाइन निबंधन की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि निबंधन कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी इकाइयां सीआरएस पोर्टल के माध्यम से तेजी से काम निपटाएं।

बैठक में स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिया गया कि सभी सरकारी व निजी अस्पतालों में होने वाली घटनाओं का निबंधन उसी माह में पूरा किया जाए। इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायत सचिवों को निर्धारित दिवसों पर उपस्थित रहकर ऑनलाइन प्रविष्टि करने और प्रखंड पंचायत राज अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग करने का आदेश मिला।

साइबर फ्रॉड से बचाव के लिए सभी निबंधकों को सीआरएस पोर्टल की यूजर आईडी और पासवर्ड गोपनीय रखने की हिदायत दी गई। जिला शिक्षा पदाधिकारी को स्कूलों में नामांकन के दौरान अभिभावकों को जन्म प्रमाण-पत्र के प्रति जागरूक करने और जिला जनसंपर्क विभाग को व्यापक प्रचार-प्रसार चलाने की जिम्मेदारी सौंपी गई।

उपायुक्त ने जिलेवासियों से अपील की कि वे परिवार में होने वाले हर जन्म और मृत्यु का तय समय में पंजीकरण अवश्य कराएं, क्योंकि यह दस्तावेज शिक्षा और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए अति आवश्यक है। बैठक में सिविल सर्जन और जिला जनसंपर्क पदाधिकारी शकील अहमद समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।

इन्हें भी पढ़ें.