ताज़ा-ख़बर

चांडिल में अवैध महुआ शराब पर उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई, पांच अड्डे ध्वस्त

रिपोर्ट: MANISH 4 घंटे पहलेझारखण्ड

उत्पाद विभाग और स्थानीय पुलिस की छापेमारी में 1000 किलो जावा महुआ व 50 लीटर अवैध शराब बरामद

चांडिल में अवैध महुआ शराब पर उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई, पांच अड्डे ध्वस्त

चांडिल : सरायकेला-खरसावाँ जिले में अवैध शराब निर्माण और बिक्री के खिलाफ उत्पाद विभाग तथा स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई लगातार जारी है। उपायुक्त के निर्देश एवं अधीक्षक उत्पाद क्षितिज विजय मिंज के नेतृत्व में चांडिल थाना पुलिस के सहयोग से गुरुवार को चिल्गु के समीप चांडिल थाना अंतर्गत खोखरोडीह, जड़ियाडीह, चाकुलिया और हमसदा टोला में विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया। संयुक्त अभियान के दौरान कुल पांच अवैध महुआ चुलाई अड्डों को ध्वस्त किया गया। छापेमारी में लगभग 1000 किलोग्राम जावा महुआ और 50 लीटर अवैध महुआ शराब बरामद की गई। टीम ने मौके पर ही अवैध शराब निर्माण में प्रयुक्त सामग्री को जब्त कर नियमानुसार विनष्ट कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि संबंधित अड्डा संचालकों के विरुद्ध झारखंड उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। अभियान में उत्पाद विभाग के अधिकारियों के साथ स्थानीय पुलिस बल भी मौजूद रहा। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध शराब निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ आगे भी लगातार सघन अभियान चलाया जाएगा। अधिकारियों ने कहा कि कानून व्यवस्था और जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। आम लोगों से भी अवैध शराब कारोबार की सूचना तत्काल पुलिस या उत्पाद विभाग को देने की अपील की गई है।

इन्हें भी पढ़ें.