हाइवे पर दर्दनाक हादसा, चलती बस बनी आग का गोला, चार यात्रियों की मौत
राजकोट-चोटिला मार्ग पर टैंकर से टकराई बस, शॉर्ट सर्किट के बाद मची अफरा-तफरी

एजेंसी : गुजरात के राजकोट-चोटिला नेशनल हाइवे पर मंगलवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई जबकि 10 यात्री घायल हो गए। हादसा संगानी गांव के पास रात करीब 2:30 बजे हुआ जब राजकोट से चोटिला जा रही एक निजी बस सड़क किनारे खड़े डामर टैंकर से टकरा गई। पुलिस के अनुसार टैंकर का टायर फट जाने के कारण वह हाइवे पर खड़ा था। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर टैंकर से जा भिड़ी। टक्कर के तुरंत बाद बस में शॉर्ट सर्किट हुआ और देखते ही देखते आग फैल गई। उस समय अधिकांश यात्री गहरी नींद में थे जिससे कई लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका। हादसे में चार यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि 10 अन्य लोग झुलसकर घायल हो गए। घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, प्रशासन और दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे के बाद कुछ समय के लिए हाइवे पर यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में हादसे का कारण टक्कर के बाद हुआ शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।