ज्ञानदीप इंग्लिश मीडियम स्कूल कुटमू में झारखंड के शहीदों की जीवन प्रदर्शनी आयोजित
अनुशासन छात्रों के जीवन की सफलता की पहली सीढ़ी : धर्मराज महतो

लोहरदगा। स्वतंत्रता दिवस के पूर्व लोहरदगा प्रखंड स्थित ज्ञानदीप इंग्लिश मीडियम स्कूल, कुटमू में झारखंड के वीर शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों के जीवन पर आधारित प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास, शहीदों के योगदान तथा देशभक्ति की भावना से अवगत कराना था।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सैनिक वेलफेयर ट्रस्ट के अध्यक्ष एवं पूर्व सैनिक धर्मराज महतो का विद्यालय परिवार की ओर से पुष्प पौधा भेंट कर स्वागत किया गया। इसके बाद उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। प्रदर्शनी में कक्षा प्रथम से छठी तक के विद्यार्थियों ने भाग लिया और झारखंड के महान स्वतंत्रता सेनानियों एवं जननायकों बिरसा मुंडा, तिलका मांझी, सिद्धो-कान्हू, भगीरथ मांझी, नीलांबर-पीतांबर, वीर बुद्धू भगत, पांडेय गणपत राय, जतरा टाना भगत और शेख भिखारी के जीवन तथा स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान की जानकारी प्रस्तुत की।
इस अवसर पर धर्मराज महतो ने कहा कि जीवन में किसी भी लक्ष्य की प्राप्ति के लिए अनुशासन अत्यंत आवश्यक है। छात्र जीवन में अनुशासन का विशेष महत्व होता है, क्योंकि यह अच्छी शिक्षा और सफल भविष्य की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों ने भी संगठित और अनुशासित तरीके से संघर्ष कर देश को आजादी दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विद्यालय के प्रधानाचार्य शंकर कुमार ने कहा कि वर्तमान पीढ़ी को स्वतंत्रता का महत्व समझाने तथा झारखंड के वीर शहीदों के संघर्ष और बलिदान से परिचित कराने के उद्देश्य से इस प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है।
कार्यक्रम के समापन पर प्रदर्शनी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों अनीस उरांव, आरोही उरांव एवं बुलबुल उरांव को मुख्य अतिथि द्वारा मेडल देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की उपस्थिति रही।