300 वर्ष पुरानी परंपरा में उमड़ी आस्था, बाबा आंकलपाट की वार्षिक पूजा संपन्न
जाहिरा देवी स्थल पर पूजा में शामिल हुए मनोज चौधरी, क्षेत्र की खुशहाली की कामना

सरायकेला : प्राचीन जाहिरा देवी स्थल पर बाबा आंकलपाट की वार्षिक पूजा श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ संपन्न हुई। लगभग 300 वर्षों से चली आ रही इस परंपरा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पूजा-अर्चना की और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने विधि-विधान के साथ बाबा आंकलपाट का दर्शन एवं पूजन किया। उन्होंने स्वयं को इस पावन परंपरा का हिस्सा बनने पर सौभाग्यशाली बताया और क्षेत्रवासियों के आरोग्य, शांति एवं खुशहाली की प्रार्थना की। मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि ऐसी धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराएं समाज को एकजुट रखने के साथ-साथ सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करती हैं। उन्होंने बताया कि बाबा आंकलपाट में लोगों की गहरी आस्था है और हर वर्ष यहां श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या उमड़ती है, जो हमारी सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का कार्य करती है। कार्यक्रम में वार्ड पार्षद विक्रम मोदक, पूर्व पार्षद मनबोध सातवां, बसुकी मोदक, भरत कामिला, किशन कामिला सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे। अंत में उन्होंने सभी से इस परंपरा को बनाए रखने और समाज में भाईचारा व सद्भाव को मजबूत करने की अपील की।