खेतों में उन्नत बीज व फलदार वृक्ष लगाकर अपने को मालामाल करें किसान : वैज्ञानिक प्रमोद कुमार
क्षेत्रीय अनुसंधान केंद्र चियांकी ने स्टॉल लगाकर किसानों को उन्नत खेती व फूलबाग लगाने का किया गया आह्वान

मेदिनीनगर (पलामू) : किसान अपने खेतों में उन्नत बीज व फलदार वृक्ष लगाकर आमदनी करें। इससे किसान मालामाल हो जाएंगे। उक्त बातें क्षेत्रीय अनुसंधान केंद्र चियांकी के वैज्ञानिक प्रमोद कुमार ने कही। वे गुरुवार को राजकीय आदिवासी महाकुंभ मेला में आए लोगों को उन्नत खेती के बारे में जागरूक कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय अनुसंधान केंद्र चियांकी में गेहूं का डीबीडब्ल्यू 187 का करण वंदना, अरहर का इपीएफ 15-02, बिरसा व भाभा अनुसंधान केंद्र द्वारा निर्मित मस्टर्ड वन सरसों बीज व मूंग का सिखा नामक प्रभेद देश के सभी उन्नतशील प्रभेदों में से एक है। इसके उत्पादन बड़े पैमाने पर होते हैं। पलामू जिले के किसान अनुसंधान केंद्र से बीज खरीद कर अपने-अपने खेतों में लगाए तो बंपर पैदावार होगी व किसान मालामाल हो जाएंगे।
उन्होंने लोगों से अपने खेतों में आम के सुंदर लंगड़ा, आम्रपाली, जर्दालू व मल्लिका आदि प्रभेद लगाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि किसान मौसम्मी, किन्नू, नागपुर संतरा व दार्जिलिंग संतरा सहित ताइवान पिंक प्रभेद के अमरुद के पौधे लगा सकते हैं। उन्होंने कहा कि मूंग बीज सहित केंचुआ खाद भी खरीद सकते हैं। उन्होंने कहा कि किसान चाहें तो अनुसंधान केंद्र से प्रशिक्षण भी प्राप्त कर सकते हैं। स्टॉल पर आम की विभिन्न प्रकार की वैरायटी के पौधे समेत अमरूद, मौसम्मी, किन्नू नागपुरी व दार्जिलिंग संतरा फलों व निकाई- गुड़ाई करने के लिए औजार भी प्रदर्शनी में लगाए गए थे।