ताज़ा-ख़बर

बहू की जिंदगी बचाने ससुर ने बढ़ाया मदद का हाथ, किडनी देने को तैयार

रिपोर्ट: VBN News Desk6 घंटे पहलेदेश

28 वर्षीय सरिता की दोनों किडनियां खराब, प्रत्यारोपण के लिए चाहिए आठ लाख, सामाजिक संस्था ने दी एक लाख की सहायता

बहू की जिंदगी बचाने ससुर ने बढ़ाया मदद का हाथ, किडनी देने को तैयार

फिरोजाबाद : बहू की जिंदगी बचाने के लिए एक ससुर ने ऐसा फैसला लिया है जो पारिवारिक रिश्तों में त्याग और मानवता की मिसाल पेश करता है। टूंडला क्षेत्र के गांव नगला बन्ना निवासी 28 वर्षीय सरिता गंभीर किडनी बीमारी से जूझ रही हैं। उनकी दोनों किडनियां खराब हो चुकी हैं। चिकित्सकों ने उनकी जान बचाने के लिए किडनी प्रत्यारोपण की सलाह दी है। ऐसे मुश्किल समय में सरिता के ससुर उमेश कुमार ने अपनी किडनी देने का फैसला किया है। हालांकि परिवार के सामने अब इलाज के खर्च की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है। किडनी प्रत्यारोपण में करीब आठ लाख रुपये का खर्च आने की बात बताई गई है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार के लिए इतनी बड़ी राशि जुटाना मुश्किल हो रहा था। इसी बीच सामाजिक संस्था जायंट्स ग्रुप ऑफ फिरोजाबाद महिला शक्ति प्रोजेक्ट ने परिवार की मदद के लिए आगे बढ़कर संवेदनशीलता का परिचय दिया है। बताया गया कि मामले की जानकारी महिला शक्ति प्रोजेक्ट की समन्वयक अनु बंसल के माध्यम से संस्था के पदाधिकारियों तक पहुंची। सरिता की बीमारी और परिवार की आर्थिक स्थिति की जानकारी मिलने के बाद संस्था ने उनके उपचार में सहयोग करने का निर्णय लिया। संस्था की अध्यक्ष सीमा अग्रवाल, दीपाली बंसल सहित अन्य पदाधिकारियों और सदस्यों ने सरिता के परिवार को एक लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की। इस सहयोग से परिवार को उपचार के लिए आवश्यक धनराशि जुटाने में कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर कल्पना राजौरिया ने कहा कि सरिता के उपचार के लिए बड़ी धनराशि की आवश्यकता है। परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए महिला शक्ति की ओर से एक लाख रुपये की सहायता दी गई है। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद परिवार के साथ खड़ा होना ही सच्ची मानवता है। सरिता के उपचार के लिए जहां ससुर का अपनी किडनी देने का निर्णय पारिवारिक समर्पण का उदाहरण है वहीं सामाजिक संस्था की आर्थिक मदद ने मानवीय संवेदना की मिसाल कायम की है। परिवार को अब उम्मीद है कि सहयोग से किडनी प्रत्यारोपण की प्रक्रिया पूरी हो सकेगी और सरिता को नई जिंदगी मिल सकेगी।

इन्हें भी पढ़ें.