अहीरपुरवा में पहली बार मुस्लिम महिलाओं के लिए फातमातुज जोहरा कॉन्फ्रेंस आयोजित
कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में महिलाओं की भागीदारी रही, जिससे पूरा आयोजन उत्साह और उल्लास के माहौल में संपन्न हुआ।

बरवाडीह । प्रखंड के अहीरपुरवा गांव में इस्लाहुल मुस्लिमीन कमिटी के तत्वावधान में पहली बार मुस्लिम महिलाओं के लिए “फातमातुज जोहरा कॉन्फ्रेंस” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन पश्चिमी क्षेत्र की जिला परिषद सदस्य संतोषी शेखर ने फीता काटकर किया।
इस अवसर पर स्थानीय पंचायत की मुखिया कालो देवी सहित आयोजन समिति की महिला सदस्य मौजूद रहीं।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला परिषद सदस्य संतोषी शेखर ने कहा कि हमारे क्षेत्र की मिट्टी में आपसी भाईचारे, सामाजिक सौहार्द और सभी धर्मों के सम्मान की परंपरा सदियों पुरानी एवं ऐतिहासिक रही है। उन्होंने कहा कि यहां सभी समुदायों के लोग एक-दूसरे के धर्म और संस्कृति का सम्मान करते हैं। मुस्लिम महिलाओं द्वारा महिलाओं के सम्मान, शिक्षा और जागरूकता को लेकर पहली बार आयोजित यह कॉन्फ्रेंस समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के साथ महिलाओं के उत्थान की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।
कॉन्फ्रेंस में पलामू प्रमंडल सहित झारखंड के विभिन्न जिलों से पहुंचीं मुस्लिम महिला धर्मगुरुओं एवं वक्ताओं नाजिया दिलकश, साहना खातून फातमा, तमन्ना परवीन, जन्नती खातून समेत कई महिला विद्वानों ने अपने विचार रखे। उनकी तकरीरों ने कार्यक्रम में मौजूद महिलाओं को देर तक बांधे रखा।कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में महिलाओं की भागीदारी रही, जिससे पूरा आयोजन उत्साह और उल्लास के माहौल में संपन्न हुआ। मौके पर इस्माइल अंसारी, टिंकू खान, इमरान अंसारी, अंजुम आरा, नूर जहां, जुबेदा बानो, तबसूम बीबी समेत अन्य लोग उपस्थित थे।