मेदिनीनगर में एक साथ उठे पांच जनाजे, नम आंखों से दी गई अंतिम विदाई, पूरे शहर में शोक की लहर
किछौछा शरीफ से लौट रहे पांच दोस्तों की सड़क हादसे में मौत, मेदिनीनगर में पसरा मातम

पलामू : उत्तर प्रदेश के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल किछौछा शरीफ से जियारत कर लौट रहे पलामू जिले के मेदिनीनगर निवासी पांच लोगों की दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना ने पूरे शहर को गमगीन कर दिया है। शनिवार देर रात सभी मृतकों के शव उनके आवास पहुंचे जिसके बाद परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी के अनुसार मेदिनीनगर के चार करीबी दोस्त एक चालक के साथ शुक्रवार को कार से बिहार के डेहरी में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। शादी समारोह के बाद सभी उत्तर प्रदेश स्थित किछौछा शरीफ में जियारत करने पहुंचे। जियारत कर वापस लौटने के दौरान आजमगढ़ जिले के कोतवाली देवगांव थाना क्षेत्र में वाराणसी-आजमगढ़ मुख्य मार्ग पर उनकी कार एक खड़े ट्रक से टकरा गई और ट्रक के नीचे जा घुसी। हादसा इतना भीषण था कि तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति ने अस्पताल ले जाने के दौरान दम तोड़ दिया। एक अन्य गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की मौत शनिवार शाम वाराणसी में इलाज के दौरान हो गई। इस तरह दुर्घटना में कार सवार सभी पांच लोगों की जान चली गई। मृतकों में कांजी हाउस मोहल्ला निवासी अजमल आलम, गोसिया मदरसा क्षेत्र के सोहराब राइन, पनेरी गली निवासी चालक अरबाज खान, मुस्लिम नगर निवासी कैश आलम तथा नूरी मस्जिद मोहल्ला निवासी हाजी अब्दुल रजाक शामिल हैं। शनिवार देर रात शवों के मेदिनीनगर पहुंचते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। रविवार सुबह शहर में गम का माहौल देखने को मिला। सुबह सात बजे कन्नी राम चौक स्थित छोटी मस्जिद में जनाजे की नमाज अदा की गई। इसके बाद एक-एक कर पांचों जनाजे मस्जिद परिसर में लाए गए, जहां अंतिम दर्शन के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। जनाजों को कंधा देने के लिए सैकड़ों लोग मौजूद रहे। हर आंख नम थी और हर जुबान पर मृतकों की मगफिरत की दुआ थी। सुबह करीब 10 बजे सभी मृतकों को पुलिस लाइन रोड स्थित कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। एक साथ पांच लोगों की मौत की इस दर्दनाक घटना ने पूरे मेदिनीनगर को झकझोर कर रख दिया है। स्थानीय लोगों ने इसे शहर के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।