ताज़ा-ख़बर

चमरडीहा में पीसीसी सड़क निर्माण का शिलान्यास, ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग होगी पूरी

रिपोर्ट: अकरम 2 घंटे पहलेझारखण्ड

जिला परिषद सदस्य संतोषी कुमारी ने रखी आधारशिला, आवागमन सुविधा मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम

चमरडीहा में पीसीसी सड़क निर्माण का शिलान्यास, ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग होगी पूरी

बरवाडीह, लातेहार : बरवाडीह प्रखंड के खुरा पंचायत अंतर्गत चमरडीहा गांव में ग्रामीणों को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। पश्चिमी क्षेत्र की जिला परिषद सदस्य संतोषी कुमारी ने रविवार को अपने विकास मद से बनने वाले पीसीसी पथ निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया। यह सड़क चमरडीहा मुख्य मार्ग से सुरेश साव के घर तक बनाई जाएगी जिससे स्थानीय लोगों को आवागमन में काफी सहूलियत मिलेगी। शिलान्यास कार्यक्रम का शुभारंभ पूजा-अर्चना के साथ किया गया। इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य संतोषी कुमारी के साथ विधायक प्रतिनिधि प्रेम सिंह पिंटू, राजद प्रदेश महासचिव अजय चंद्रवंशी, उपमुखिया सुनीता देवी, पूर्व मुखिया हुलास सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संतोषी कुमारी ने कहा कि सड़क भले ही लंबाई में छोटी हो, लेकिन ग्रामीणों के दैनिक जीवन और आवागमन के लिए इसका महत्व बहुत बड़ा है। लंबे समय से ग्रामीण इस सड़क के निर्माण की मांग कर रहे थे। बरसात और अन्य मौसम में लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। अब सड़क निर्माण होने से ग्रामीणों की परेशानी काफी हद तक दूर होगी। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सीमित राशि के बावजूद क्षेत्र में छोटी-छोटी लेकिन महत्वपूर्ण विकास योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर धरातल पर उतारा जा रहा है। साथ ही विधायक रामचंद्र सिंह के सहयोग से क्षेत्र की कई प्रमुख सड़कों और पुलियों के निर्माण कार्य भी लगातार कराए जा रहे हैं। ग्रामीणों ने सड़क निर्माण कार्य शुरू होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए जिला परिषद सदस्य के प्रति आभार जताया। उनका कहना था कि इस सड़क के निर्माण से गांव के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी। कार्यक्रम में कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष सह अधिवक्ता प्रिंस प्रसाद, प्रेम कुमार, कमलेश कुमार सिंह, संजय यादव, अवधेश प्रसाद, अंतु प्रसाद, प्रीतम प्रसाद, सुजीत कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने सड़क निर्माण कार्य को गांव के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

इन्हें भी पढ़ें.