मोदी सरकार के 12 साल में देश ने विकास के नए आयाम छुए : सुदेश महतो, सरायकेला में संगठन मजबूत करने का आह्वान
एसआईआर से तय होगा अगले 20 वर्षों का राजनीतिक भविष्य, बूथ स्तर तक बीएलए नियुक्त करने पर आजसू का जोर

सरायकेला : आजसू पार्टी अपने संगठन को नए सिरे से मजबूत और धारदार बनाने की दिशा में सक्रिय हो गई है। इसी क्रम में रविवार को सरायकेला में आयोजित कोल्हान प्रमंडल स्तरीय बैठक में आजसू पार्टी सुप्रीमो एवं झारखंड के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन विस्तार, एसआईआर अभियान तथा आगामी राजनीतिक रणनीति पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में सुदेश महतो ने बूथ स्तर तक बीएलए (बूथ लेवल एजेंट) की नियुक्ति पर विशेष जोर देते हुए कहा कि एसआईआर अभियान पार्टी के लिए नई ऊर्जा का काम करेगा। उन्होंने कहा कि यह अभियान न केवल संगठन को पुनर्जीवित करेगा बल्कि आने वाले 20 वर्षों की राजनीतिक दिशा भी तय करेगा। इसके लिए युवाओं की सक्रिय भागीदारी बेहद आवश्यक है। राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार लगभग हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। जनता से किए गए कई वादे अब तक अधूरे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर जनता के बीच संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल पर अपनी राय रखते हुए सुदेश महतो ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश ने विकास के अनेक नए आयाम देखे हैं। सड़क, रेल और हवाई संपर्क व्यवस्था में अभूतपूर्व परिवर्तन हुआ है। देश की आधारभूत संरचना मजबूत हुई है और विकास की गति तेज हुई है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल में देश की वैश्विक पहचान भी मजबूत हुई है। जाति आधारित जनगणना के मुद्दे पर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि फिलहाल पार्टी की पहली प्राथमिकता एसआईआर अभियान को सफल बनाना है हालांकि जाति जनगणना के मुद्दे पर भी पार्टी की नजर बनी हुई है। इस दौरान ओडिशा के कई आदिवासी युवा, महिलाएं और पुरुष आजसू पार्टी में शामिल हुए। सुदेश महतो ने सभी नए सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि वृहद झारखंड की परिकल्पना आदिवासी समाज को साथ लेकर ही साकार हो सकती है। उन्होंने पार्टी में शामिल हुए लोगों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया और संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प दोहराया।