पारगामा में सोहराय पर्व पर पहली बार हुई बलद गोरु काड़ा खुटान प्रतियोगिता, मुख्य अतिथि मधुश्री महतो ने किया उत्साहवर्धन
ग्रामीण संस्कृति और पशुधन परंपरा का दिखा संगम, बेहतर प्रदर्शन करने वाले पशुपालकों को मिला नगद पुरस्कार

कुकड़ू : झारखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति और पारंपरिक पशुधन परंपरा की झलक गुरुवार को कुकड़ू प्रखंड के पारगामा गांव में देखने को मिली। सोहराय-बंदना पर्व के अवसर पर पहली बार भव्य स्तर पर पारंपरिक बलद गोरु काड़ा खुटान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न गांवों से पहुंचे पशुपालकों ने अपने-अपने पशुओं के साथ हिस्सा लिया और पारंपरिक रीति-रिवाजों के बीच पशुओं का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। वहीं, विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रखंड प्रमुख प्रतिमा सिंह, मुखिया लालू मांझी और उपमुखिया चाइना महतो शामिल हुए। अतिथियों ने प्रतियोगिता का अवलोकन किया और आयोजन की सराहना की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण संस्कृति और लोक परंपराएं समाज की पहचान हैं। इन्हें संरक्षित करना और नई पीढ़ी तक पहुंचाना सामूहिक जिम्मेदारी है। आयोजकों के अनुसार कुकड़ू प्रखंड क्षेत्र में इस तरह की प्रतियोगिता का पहली बार भव्य आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य सोहराय पर्व से जुड़ी पारंपरिक मान्यताओं, पशुपालन की विरासत और ग्रामीण संस्कृति को बढ़ावा देना था। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए आसपास के विभिन्न गांवों के पशुपालक अपने पशुओं के साथ पहुंचे। आयोजन देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण भी जुटे। पूरे परिसर में उत्सव का माहौल रहा। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले पशुओं के मालिकों को नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस आयोजन के माध्यम से ग्रामीणों को अपनी पारंपरिक संस्कृति और पशुधन से जुड़ी परंपराओं को प्रदर्शित करने का अवसर मिला। साथ ही, सोहराय-बंदना पर्व के अवसर पर ग्रामीणों के बीच आपसी मेलजोल और सांस्कृतिक एकजुटता भी देखने को मिली।