ताज़ा-ख़बर

कुचाई के जंबरो गांव में आदिवासी महिला की धारदार हथियार से हत्या, आरोपी गिरफ्तार

रिपोर्ट: MANISH 8 घंटे पहलेअपराध

हॉकी प्रतियोगिता में हड़िया बेचने गई महिला का मिला क्षत-विक्षत शव, हत्या के बाद शव के साथ क्रूरता का आरोप

कुचाई के जंबरो गांव में आदिवासी महिला की धारदार हथियार से हत्या, आरोपी गिरफ्तार

कुचाई : सरायकेला-खरसावां जिले के कुचाई थाना क्षेत्र के जंबरो गांव में 47 वर्षीय आदिवासी महिला विश्वासी सोय की हत्या का मामला सामने आया है। 11 नवंबर की रात महिला का क्षत-विक्षत शव घर के समीप बरामद किया गया। परिजनों ने गांव के ही 54 वर्षीय पैलेस मुंडा पर हत्या और शव के साथ अमानवीय क्रूरता करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। मिली जानकारी के अनुसार गांव में मंगलवार शाम स्थानीय हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। परिवार के भरण-पोषण के लिए विश्वासी सोय ने प्रतियोगिता स्थल पर पारंपरिक पेय हड़िया का स्टॉल लगाया था। आरोप है कि इसी दौरान गांव का पैलेस मुंडा वहां पहुंचा और हड़िया पीने के बाद महिला को जबरन अपने घर ले गया। देर रात तक विश्वासी सोय के घर नहीं लौटने पर उनके पति निर्मल सोय उनकी तलाश में निकले। रात करीब 12 बजे घर के समीप ही महिला का क्षत-विक्षत शव मिला। मृतका के पति ने आरोप लगाया है कि धारदार हथियार से हत्या करने के बाद आरोपी ने शव के साथ भी अमानवीय हरकत की। घटना की जानकारी मिलने के बाद गांव में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर कुचाई पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। हत्या में प्रयुक्त हथियार, घटना के पीछे के कारण और शव के साथ कथित क्रूरता से जुड़े आरोपों की भी जांच की जा रही है। घटना पर आदिवासी कोल्हान सेवा के राष्ट्रीय अध्यक्ष विष्णु बानरा ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने प्रशासन से मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने और आरोपी को कठोर सजा दिलाने की मांग की है। घटना के बाद जंबरो गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।

इन्हें भी पढ़ें.