ताज़ा-ख़बर

खरीदी जमीन पर जबरन निर्माण, पीड़ित ने हाईकोर्ट जाने की दी चेतावनी

रिपोर्ट: VBN News Desk3 घंटे पहलेझारखण्ड

निर्माण कार्य रोकने का विरोध करने पर आरोपितों द्वारा गाली-गलौज करते हुए जान से मारने और पूरे परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी गई।

खरीदी जमीन पर जबरन निर्माण, पीड़ित ने हाईकोर्ट जाने की दी चेतावनी

संतोष कुमार लातेहार।लातेहार सदर थाना क्षेत्र के बारियातु खालसा निवासी प्रवीण पासवान ने अपनी खरीदी गई जमीन पर जबरन कब्जा कर घर निर्माण कराने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए उपायुक्त लातेहार को आवेदन सौंपकर न्याय की गुहार लगाई है।

आवेदन में उन्होंने कहा है कि वर्ष 2014 में उन्होंने बिक्रय पत्र सह एकरारनामा के माध्यम से चंदनडीह मौजा स्थित जमीन खरीदी थी। उक्त बिक्रय पत्र संख्या 14922 दिनांक 29 सितंबर 2014 है।जमीन का विवरण खाता संख्या 50 तथा प्लॉट संख्या 261, 284 एवं 181 बताया गया है, जिसका कुल रकबा 0.44 एकड़ है। उन्होंने कहा कि उक्त जमीन का होल्डिंग टैक्स भी नियमित रूप से जमा किया जा रहा है।प्रवीण पासवान ने आरोप लगाया है कि पलामू जिला अंतर्गत सतबरवा थाना क्षेत्र के कर्मा गांव निवासी अभिनंदन पासवान, इंदो देवी एवं सरयु मांझी सहित अन्य लोग उनकी जमीन पर जबरन घर निर्माण करा रहे हैं।

निर्माण कार्य रोकने का विरोध करने पर आरोपितों द्वारा गाली-गलौज करते हुए जान से मारने और पूरे परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी गई।आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि आरोपित लोग पुलिस में पहुंच होने की बात कहकर भय का माहौल बना रहे हैं। साथ ही गुंडा तत्वों को बुलाकर जमीन पर कब्जा जमाने का प्रयास किया जा रहा है।

पीड़ित ने उपायुक्त से मामले की निष्पक्ष जांच कर अविलंब निर्माण कार्य रुकवाने तथा दोषियों पर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। आवेदन की प्रतिलिपि पुलिस अधीक्षक, अनुमंडल पदाधिकारी, अंचलाधिकारी एवं थाना प्रभारी लातेहार को भी भेजी गई है। प्रवीण पासवान ने कहा कि यदि प्रशासन द्वारा उचित कार्रवाई नहीं की गई तो वे न्याय के लिए झारखंड उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाएंगे।

इन्हें भी पढ़ें.