राजकीय सम्मान के साथ पूर्व मंत्री विमला प्रधान का अंतिम संस्कार
सिमडेगा के बगडांड स्थित पालामाड़ा नदी तट पर 21 जवानों ने दी अंतिम सलामी, पांच राउंड फायरिंग कर राजकीय सम्मान प्रदान किया

सिमडेगा। झारखंड की पूर्व मंत्री विमला प्रधान का रविवार को सिमडेगा के बगडांड गांव स्थित पालामाड़ा नदी तट पर पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। पार्थिव शरीर के पहुंचने पर सिमडेगा पुलिस की ओर से उन्हें अंतिम सलामी दी गई। इस दौरान जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के कई अधिकारी मौजूद रहे।
विमला प्रधान के निधन के बाद शनिवार को राज्य सरकार ने उनके अंतिम संस्कार को राजकीय सम्मान के साथ कराने का निर्देश दिया था। इसके बाद जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कीं। रविवार को पालामाड़ा नदी तट पर राजकीय सम्मान की प्रक्रिया के तहत पुलिस कमांडर सहित 21 जवानों ने उन्हें अंतिम सलामी दी। जवानों ने पांच राउंड फायरिंग कर राजकीय सम्मान प्रदान किया।
अंतिम संस्कार के दौरान सिमडेगा के डीसी और एसपी सहित जिला प्रशासन के कई अधिकारी, पुलिस जवान और शहर के सैकड़ों लोग मौजूद रहे। लोगों ने पूर्व मंत्री को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके निधन पर शोक व्यक्त किया।
राजकीय सम्मान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सामाजिक रीति-रिवाज के अनुसार अंतिम संस्कार किया गया। उनके बड़े पुत्र मनीष मणिकांत प्रधान ने मुखाग्नि दी। परिजनों, समर्थकों और स्थानीय लोगों की मौजूदगी में पूर्व मंत्री को नम आंखों से अंतिम विदाई दी गई।
उल्लेखनीय है कि पूर्व मंत्री विमला प्रधान का शुक्रवार रात रांची के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया था। बताया गया कि वह लंबे समय से बीमार थीं। निधन के बाद उनके पार्थिव शरीर को भाजपा प्रदेश कार्यालय ले जाकर श्रद्धांजलि दी गई थी। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी रांची स्थित उनके आवास पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की और परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया।