ताज़ा-ख़बर

सदर अस्पताल बोकारो में जटिल फ्रैक्चर की प्रॉक्सिमल फीमर नेलिंग सर्जरी सफल

रिपोर्ट: VBN News Desk5 घंटे पहलेझारखण्ड

60 वर्षीय महिला को मिला नया जीवन

सदर अस्पताल बोकारो में जटिल फ्रैक्चर की प्रॉक्सिमल फीमर नेलिंग सर्जरी सफल

बोकारो : सदर अस्पताल बोकारो में जटिल हड्डी रोग से संबंधित एक महत्वपूर्ण सर्जरी सफलतापूर्वक संपन्न हुई। सिविल सर्जन डॉ. अभय भूषण प्रसाद एवं उपाधीक्षक डॉ. एन.पी. सिंह के निर्देशन में चिकित्सकों की टीम ने 60 वर्षीय महिला मरीज के जटिल फ्रैक्चर का सफल उपचार किया।

सेक्टर-9 खटाल निवासी रति देवी दाहिने जांघ की हड्डी के सबट्रोकैंटेरिक फ्रैक्चर से पीड़ित थीं। मरीज को पहले से उच्च रक्तचाप एवं आईएचडी (इस्कीमिक हार्ट डिजीज) की समस्या थी। ऐसे में ऑपरेशन के दौरान उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर विशेष निगरानी रखते हुए आवश्यक सावधानियां बरती गईं।

चिकित्सकों ने मरीज का प्रॉक्सिमल फीमर नेलिंग (पीएफएन) सफलतापूर्वक किया। सर्जरी का नेतृत्व हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. अमित ने किया, जबकि एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ. सौरभ सांख्यायन की देखरेख में एनेस्थीसिया प्रबंधन किया गया। ऑपरेशन सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक चला और सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों के समन्वित प्रयास से जटिल स्वास्थ्य स्थिति के बावजूद सर्जरी सफल रही। ऑपरेशन के बाद मरीज को चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया। सिविल सर्जन एवं उपाधीक्षक ने चिकित्सकीय टीम की सराहना की। उन्होंने कहा कि सदर अस्पताल में जटिल मामलों के उपचार एवं विशेषज्ञ सर्जिकल सेवाओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है, ताकि जिले के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं अपने ही जिले में उपलब्ध हो सकें।

इन्हें भी पढ़ें.