ताज़ा-ख़बर

कुकड़ू और ईचागढ़ में चार नए स्वास्थ्य उपकेंद्रों का शिलान्यास, ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था को मिलेगी मजबूती

रिपोर्ट: MANISH 12 घंटे पहलेझारखण्ड

करीब 3 करोड़ रुपये की लागत से बनेंगे स्वास्थ्य केंद्र, जिला परिषद अध्यक्ष ने कहा : गांवों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधा पहुंचाना प्राथमिकता

कुकड़ू और ईचागढ़ में चार नए स्वास्थ्य उपकेंद्रों का शिलान्यास, ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था को मिलेगी मजबूती

सरायकेला-खरसावां : जिला परिषद की ओर से मंगलवार को कुकड़ू और ईचागढ़ प्रखंड के विभिन्न गांवों में नए स्वास्थ्य उपकेंद्र एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया गया। लंबे समय से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की मांग को देखते हुए यह पहल की गई है जिससे हजारों ग्रामीणों को लाभ मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। कार्यक्रम के तहत कुकड़ू प्रखंड के सपादा गांव में 55 लाख 50 हजार रुपये की लागत से स्वास्थ्य उपकेंद्र भवन, सिंदुरपुर में 55 लाख 44 हजार 995 रुपये की लागत से उप स्वास्थ्य केंद्र भवन तथा ईचागढ़ प्रखंड के सितु गांव में 55 लाख 44 हजार 995 रुपये की लागत से स्वास्थ्य उपकेंद्र भवन निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया। वहीं सिरुम गांव में 1 करोड़ 39 लाख 70 हजार 506 रुपये 33 पैसे की लागत से स्वास्थ्य केंद्र भवन निर्माण की आधारशिला रखी गई। इस अवसर पर मुख्य अतिथि जिला परिषद अध्यक्ष ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करना जिला परिषद की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि वर्षों से उपेक्षित गांवों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के उद्देश्य से यह महत्वपूर्ण पहल की गई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इन भवनों के निर्माण के बाद ग्रामीणों को प्राथमिक उपचार, मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवा तथा नियमित स्वास्थ्य जांच जैसी सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी। विशिष्ट अतिथि जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने कहा कि स्वास्थ्य सुविधा हर नागरिक का अधिकार है और जिला परिषद लगातार गांवों में आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को इलाज के लिए दूर-दराज के अस्पतालों का चक्कर नहीं लगाना पड़े इसी सोच के साथ इन योजनाओं को धरातल पर उतारा जा रहा है। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, ग्रामीण एवं गणमान्य लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। शिलान्यास समारोह को लेकर गांवों में उत्साह का माहौल देखा गया। लोगों ने उम्मीद जताई कि निर्माण कार्य समय पर पूरा होने से क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।

इन्हें भी पढ़ें.