आयुष्मान आरोग्य मंदिरों तक पहुंच पथ निर्माण का शिलान्यास, स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी नई मजबूती
जर्जर आंगनबाड़ी केंद्रों के स्थान पर नए भवनों के निर्माण की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है।

बरवाडीह(लातेहार)। प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न आयुष्मान आरोग्य मंदिरों तक पहुंचने में ग्रामीणों को हो रही कठिनाइयों को दूर करने की दिशा में रविवार को महत्वपूर्ण पहल की गई। जिला परिषद मद से मगरा आयुष्मान आरोग्य मंदिर सहित कई स्वास्थ्य केंद्रों तक पहुंच पथ निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया गया। कार्यक्रम में जिला परिषद सदस्य संतोषी कुमारी, विधायक प्रतिनिधि प्रेम सिंह पिंटू, यूथ कांग्रेस के प्रदेश समन्वयक अधिवक्ता विजय बहादुर सिंह, कांग्रेस प्रदेश सचिव सह सिमरिया विधानसभा प्रभारी रवींद्र राम तथा प्रखंड अध्यक्ष प्रिंस प्रसाद ने संयुक्त रूप से पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला परिषद सदस्य संतोषी कुमारी ने कहा कि सड़क के अभाव में मरीजों, गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और स्वास्थ्यकर्मियों को आयुष्मान आरोग्य मंदिर तक पहुंचने में काफी परेशानी होती थी। जिला परिषद मद से स्वीकृत इस योजना के पूरा होने के बाद ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ आसानी से मिलेगा।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र के जर्जर आंगनबाड़ी केंद्रों के स्थान पर नए भवनों के निर्माण की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है।विधायक प्रतिनिधि प्रेम सिंह पिंटू ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकता है। स्वास्थ्य संस्थानों तक बेहतर सड़क बनने से आम लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। यूथ कांग्रेस के प्रदेश समन्वयक अधिवक्ता विजय बहादुर सिंह ने कहा कि क्षेत्र में सड़कों, विद्यालयों, स्वास्थ्य केंद्रों और आंगनबाड़ी केंद्रों तक पहुंच मार्ग का निर्माण चरणबद्ध तरीके से कराया जा रहा है, ताकि विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
कांग्रेस प्रदेश सचिव सह सिमरिया विधानसभा प्रभारी रवींद्र राम ने कहा कि जनहित की योजनाओं को तेजी से धरातल पर उतारने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं प्रखंड अध्यक्ष प्रिंस प्रसाद ने कहा कि ग्रामीणों की मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता लगातार सक्रिय हैं।इस अवसर पर बेतला पंचायत के पूर्व उपमुखिया जयप्रकाश रजक, गौतम पटेल, मनोज सिंह, अजीत सिंह, करण सिंह, सुजीत गुप्ता, संगीता देवी, इंदु देवी, विजयलक्ष्मी, पूजा कुमारी, भगवानी देवी, प्रियंका कुमारी, रेखा कुमारी, चांदनी सिंह सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण एवं महिलाएं मौजूद रहीं।