हैदरनगर में भटका चार वर्षीय बालक, पुलिस ने परिजनों से मिलाया, जताया आभार
बच्चा गढ़वा से हैदरनगर के बाजार मस्जिद मोहल्ला में अपने परिजनों के साथ रिश्तेदारी में आया था। खेलते- खेलते रास्ता भटक गया था।

हैदरनगर (पलामू) : स्थानीय बाजार में शनिवार को एक चार वर्षीय बालक भटकता हुआ मिला। बाजार के दुकानदारों ने बालक को घूमते हुए देखा तो तत्परता दिखाते हुए इसकी सूचना हैदरनगर थाना प्रभारी को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। बालक को सुरक्षित थाना ले आई।
बालक ने अपना नाम मासूम राजा व पिता का नाम मशरे आलम बताया। उसने अपना पता टेढ़े हरैया, गढ़वा व एससी पब्लिक स्कूल में पढ़ना बताया। पुलिस ने बालक को अपने संरक्षण में रखते हुए गढ़वा पुलिस को सूचना दी।थाना प्रभारी तंजीलुल मन्नान ने बताया कि गढ़वा पुलिस की मदद से बालक के परिजनों की खोज की गई।
पता चला कि बच्चा गढ़वा से हैदरनगर के बाजार मस्जिद मोहल्ला में अपने परिजनों के साथ रिश्तेदारी में आया था। खेलते- खेलते रास्ता भटक गया था। पुलिस ने परिजनों तक सूचना पहुंचाई। सूचना मिलते ही परिजनों ने अपने रिश्तेदारों को फोन कर थाना भेजा। वहां से बच्चे को सकुशल सौंप दिया गया।
बच्चे को पाकर परिजनों ने हैदरनगर व गढ़वा पुलिस का आभार जताया। दुकानदारों की सजगता व पुलिस की तत्परता की सांसद प्रतिनिधि डॉ अजय जायसवाल व समाज सेवी मुकेश मेहता समेत स्थानीय लोगों ने सराहना की।