बालोतरा में निःशुल्क हृदय रोग परामर्श शिविर, 150 मरीजों ने लिया लाभ
विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने संबंधी आवश्यक सुझाव दिए गए

संतोष कुमार गर्ग, बालोतरा बालोतरा, 5 जुलाई। उद्योग नगरी स्थित न्यू डागा हॉस्पिटल में लायंस क्लब बालोतरा थार एवं एपिक मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, अहमदाबाद के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय निःशुल्क हृदय रोग परामर्श शिविर का आयोजन किया गया।
लायंस क्लब के अध्यक्ष के.के. टावरी ने बताया कि शिविर का उद्देश्य आमजन को विशेषज्ञ हृदय रोग चिकित्सा परामर्श उपलब्ध कराना और हृदय रोगों के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
क्लब के सचिव संजय सालेचा ने बताया कि शिविर में प्रसिद्ध कार्डियक सर्जन Anil Jain एवं उनकी विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने हृदय रोग से संबंधित समस्याओं से पीड़ित मरीजों की जांच कर आवश्यक परामर्श दिया। शिविर में करीब 150 मरीजों की स्वास्थ्य जांच की गई। मरीजों को हृदय रोग, एंजियोग्राफी, एंजियोप्लास्टी, बायपास सर्जरी, वाल्व सर्जरी तथा अन्य हृदय संबंधी उपचारों के बारे में विशेषज्ञ सलाह भी दी गई।
विशेषज्ञ चिकित्सकों ने हृदय रोग के शुरुआती लक्षणों की पहचान, बचाव के उपाय तथा समय पर जांच और उपचार के महत्व पर भी विस्तार से जानकारी दी। साथ ही मरीजों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने संबंधी आवश्यक सुझाव दिए गए।
लायंस क्लब बालोतरा थार के शिविर संयोजक अशोक छाज्जेड़ ने बताया कि इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविरों का उद्देश्य आमजन तक बेहतर चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाना और हृदय रोगों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने बताया कि शिविर के सफल आयोजन में क्लब के सभी सदस्यों एवं अस्पताल प्रशासन का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।