फुलकांत झा ने बाबू जगजीवन राम को दी श्रद्धांजलि, समानता और न्याय के संदेश को बताया प्रासंगिक
गम्हरिया कांग्रेस कार्यालय में मनाई गई जयंती, बाबूजी के आदर्शों पर चलने का आह्वान

गम्हरिया : प्रखंड स्थित कांग्रेस कार्यालय में पूर्व जिला उपाध्यक्ष सह पीडीएस संघ के अध्यक्ष फुलकांत झा के नेतृत्व में भारत के पूर्व उप प्रधानमंत्री एवं महान स्वतंत्रता सेनानी बाबू जगजीवन राम की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर उपस्थित कार्यकर्ताओं ने उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके योगदान को याद किया। फुलकांत झा ने कहा कि बाबू जगजीवन राम का जीवन संघर्ष, समानता और सामाजिक न्याय का प्रतीक है। 5 अप्रैल 1908 को बिहार के चंदवा गांव में जन्मे बाबूजी ने समाज के वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए आजीवन संघर्ष किया। उन्होंने कहा कि बाबूजी केवल एक महान नेता ही नहीं बल्कि संविधान सभा के सदस्य और देश के पहले दलित उप-प्रधानमंत्री के रूप में भी उनका योगदान अविस्मरणीय है। उन्होंने आगे कहा कि आज के समय में बाबू जगजीवन राम के विचार और भी अधिक प्रासंगिक हो गए हैं। समाज में समानता, भाईचारा और न्याय स्थापित करने के लिए उनके आदर्शों को अपनाना आवश्यक है। इस अवसर पर कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इनमें प्रखंड उपाध्यक्ष इंद्रकांत झा, जेपीसीसी जिला मीडिया चेयरमैन सुमंत शर्मा, बिनोद महतो, शीतल प्रसाद, विद्यासागर पासवान, धनंजय दास, गगनदीप बेरा और आयुष बेरा शामिल थे। सभी ने एक स्वर में बाबूजी के दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।