गम्हरिया बाजार समिति ने केपी सोरेन का किया स्वागत, विकास कार्यों को मिली रफ्तार
गम्हरिया बाजार बनेगा आधुनिक मल्टीप्लेक्स मार्केट कॉम्प्लेक्स, दुकानदारों में खुशी की लहर

गम्हरिया : आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत गम्हरिया बाजार को आधुनिक मल्टीप्लेक्स मार्केट कॉम्प्लेक्स के रूप में विकसित करने की पहल के बाद बाजार के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में उत्साह का माहौल है। सोमवार को बाजार समिति के सदस्यों ने झामुमो नेता कालीपद (केपी) सोरेन का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए इस पहल के लिए आभार व्यक्त किया। गौरतलब है कि दो दिन पूर्व सिंहभूम सांसद जोबा माझी ने अंचल कार्यालय में नगर निगम एवं अंचल प्रशासन के अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर गम्हरिया बाजार के समुचित विकास और आधुनिकीकरण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए थे। इसके बाद बाजार क्षेत्र के पुनर्विकास को लेकर सकारात्मक माहौल बना हुआ है। स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि बाजार के आधुनिकीकरण से वर्षों से चली आ रही कई समस्याओं का समाधान होगा। बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध होने से व्यापारिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी और ग्राहकों को सुविधाजनक वातावरण प्राप्त होगा। इस अवसर पर झामुमो नेता केपी सोरेन ने कहा कि सांसद जोबा माझी के प्रयासों से गम्हरिया बाजार को व्यवस्थित और आधुनिक स्वरूप देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल शुरू हुई है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले दिनों में इसका लाभ सीधे तौर पर व्यापारियों और आम लोगों को मिलेगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार विकास और जनसुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए कार्य कर रही है। बाजार के आधुनिक स्वरूप में विकसित होने से जहां दुकानदारों को बेहतर व्यापारिक सुविधाएं मिलेंगी, वहीं सड़क पर लगने वाले जाम की समस्या में भी काफी हद तक कमी आएगी। साथ ही लोगों को एक ही परिसर में विभिन्न आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। कार्यक्रम में वार्ड पार्षद परितोष बेज, निरंजन प्रधान, दिलीप गोराई, दीपक मुंडा, फूलकांत झा, जगदीश नारायण चौबे, इंद्रकांत झा सहित बाजार समिति के सदस्य एवं बड़ी संख्या में स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे। बाजार समिति ने उम्मीद जताई कि यह परियोजना क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगी।