अमृत भारत योजना के तहत गम्हरिया स्टेशन का कायाकल्प, एडीआरएम ने किया निरीक्षण
यात्री सुविधाओं के उन्नयन व प्लेटफॉर्म विकास कार्य में तेजी लाने का निर्देश

गम्हरिया : चक्रधरपुर रेलमंडल के एडीआरएम जितेंद्र त्रिपाठी ने शुक्रवार को गम्हरिया रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर चल रहे विस्तार एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को गुणवत्ता से समझौता किए बिना निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान सीनियर डीसीएम आदित्य चौधरी ने बताया कि स्टेशन पर केंद्र सरकार की अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत यात्री सुविधाओं के उन्नयन, प्लेटफॉर्म विकास और सौंदर्यीकरण का कार्य प्रगति पर है। योजना के अंतर्गत आधुनिक प्रतीक्षालय, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता सुविधाओं में सुधार तथा स्टेशन परिसर का आकर्षक रूपांतरण किया जा रहा है। रेल अधिकारियों ने बताया कि अमृत भारत योजना का उद्देश्य छोटे और मध्यम श्रेणी के स्टेशनों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करना है ताकि यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा अनुभव मिल सके। रेलवे प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि कार्य तेजी से पूरा कर स्टेशन को नया स्वरूप दिया जाएगा।