रानी बागान बिरला हनुमान मंदिर में हनुमान जयंती पर भव्य आयोजन, भजन-सुंदरकांड से भक्तिमय हुआ माहौल
स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुति ने बांधा समां, सैकड़ों श्रद्धालुओं की मौजूदगी में प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम संपन्न

रांची : रांची के रानी बागान स्थित बिरला हनुमान मंदिर में हनुमान जयंती के पावन अवसर पर भव्य धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी और पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। इस अवसर पर भजन-कीर्तन और सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय कलाकारों ने अपनी भावपूर्ण प्रस्तुति से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
गायक सविता, किरण, बंटी, श्रीकांत और आकाश समेत अन्य कलाकारों ने सुंदरकांड का सजीव गायन प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। कार्यक्रम में आसपास के मोहल्लों से सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और भक्ति रस में डूबे रहे।
पूरे आयोजन को सफल बनाने में पंडित सच्चिदानंद पांडेय, आशुतोष अजय मिश्रा, किशन भार्गव सहित मंदिर समिति के अध्यक्ष और सदस्यों की अहम भूमिका रही। कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया, जिसके साथ ही यह धार्मिक आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।