2 मई को रांची में हांशी भरत शर्मा, ऑल इंडिया कराटे चैंपियनशिप के उद्घाटन समारोह में होंगे शामिल
देशभर के खिलाड़ियों से गुलज़ार होगा खेल गाँव, 1 मई से जुटना शुरू होंगे प्रतिभागी

रांची: रांची में आयोजित होने वाली तीसरी सिकोकई ऑल इंडिया ओपन कराटे चैंपियनशिप को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। सिकोकई कराटे इंटरनेशनल झारखंड के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता का आगाज़ 2 मई को होगा। इससे एक दिन पूर्व यानी 1 मई से ही रांची का खेल गाँव देशभर से आने वाले सैकड़ों कराटे खिलाड़ियों और पदाधिकारियों से गुलज़ार हो जाएगा।
प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह को खास बनाने के लिए कराटे इंडिया ऑर्गनाइजेशन के अध्यक्ष सह साउथ एशियन कराटे फेडरेशन के अध्यक्ष हांशी भरत शर्मा रांची पहुंचेंगे। उन्होंने कराटे इंडिया ऑर्गनाइजेशन के ट्राइबल और माइनॉरिटी डेवलपमेंट कमीशन के चेयरमैन रेंशी सुनील किस्पोट्टा के आमंत्रण को स्वीकार करते हुए अपनी उपस्थिति की सहमति दे दी है।
रेंशी सुनील किस्पोट्टा ने कहा कि हांशी भरत शर्मा का रांची आगमन हम सभी के लिए गर्व की बात है। उनकी मौजूदगी से खिलाड़ियों और पदाधिकारियों का उत्साह और बढ़ेगा। साथ ही, उनके मार्गदर्शन में प्रतियोगिता को सफलतापूर्वक संपन्न कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि देश के विभिन्न राज्यों से खिलाड़ी और अधिकारी 1 मई को रांची पहुंचेंगे, जबकि 2 मई को प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन कर मुकाबलों की शुरुआत की जाएगी।