नेउरा, सेमरा व बहेरा कला में मोहम्मद हुसैन के 40वें सह सम्मान समारोह का भव्य आयोजन
अजय सिंह चेरो बोले— इमाम हुसैन का जीवन अन्याय के विरुद्ध संघर्ष और इंसानियत का संदेश देता है

चैनपुर (पलामू): चैनपुर प्रखंड के नेउरा, सेमरा एवं बहेरा कला गांवों में मोहम्मद हुसैन के 40वें सह सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के युवा समाजसेवी राजू तिर्की तथा 76 विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक प्रत्याशी अजय सिंह चेरो अपने समर्थकों और सहयोगियों के साथ शामिल हुए।
समारोह के दौरान आयोजन समिति ने सभी अतिथियों का पारंपरिक तरीके से स्वागत एवं सम्मान किया। इस अवसर पर अतिथियों ने ताजिया बनाने वाले कारीगरों की उत्कृष्ट कलाकारी और आकर्षक ताजिया निर्माण की सराहना करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
सभा को संबोधित करते हुए अजय सिंह चेरो ने हज़रत इमाम हुसैन की कुर्बानी, त्याग और बलिदान को मानवता के लिए प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि उनका जीवन अन्याय, अत्याचार और शोषण के विरुद्ध संघर्ष का प्रतीक है। उन्होंने लोगों से सत्य, न्याय और इंसानियत के मार्ग पर चलने तथा समाज में अन्याय के खिलाफ एकजुट होकर आवाज़ उठाने का आह्वान किया।
समारोह में हजारों श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों की उपस्थिति रही। गाजे-बाजे और पारंपरिक उत्साह के बीच आयोजित कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। आयोजन के दौरान सामाजिक एकता, भाईचारे और आपसी सद्भाव का संदेश भी दिया गया।