लिट्टीपाड़ा के 103 मतदान केंद्रों पर मतदाता सूची के प्रारूप का प्रकाशन
ग्रामीणों को नाम जोड़ने, संशोधन एवं अपात्र मतदाताओं के नाम हटाने की दी गई जानकारी

Ajay Kumar
लिट्टीपाड़ा, पाकुड़। लिट्टीपाड़ा प्रखंड क्षेत्र के सभी 103 मतदान केंद्रों पर बुधवार को बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा मतदाता सूची के प्रारूप का विधिवत प्रकाशन किया गया। इस अवसर पर मतदान केंद्रों पर स्थानीय ग्रामीणों, स्वयंसेवकों, मुखिया एवं अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक पारदर्शी, त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाना बताया गया।
प्रारूप प्रकाशन के साथ ही बीएलओ ने मतदाताओं की सुविधा के लिए मतदान केंद्रों पर एएसडीडी (अरऊऊ) सूची भी चस्पा की। इस सूची के माध्यम से ग्रामीण अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत अथवा दोहरी प्रविष्टि वाले मतदाताओं के नामों का अवलोकन कर आवश्यक दावा या आपत्ति दर्ज करा सकेंगे।
इस दौरान बीएलओ ने उपस्थित ग्रामीणों को मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने, त्रुटियों के संशोधन तथा अपात्र या मृत मतदाताओं के नाम हटाने की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि निर्धारित अवधि के भीतर संबंधित प्रपत्र भरकर दावा-आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है।
उधर, बीएलओ पर्यवेक्षकों ने अपने-अपने आवंटित मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर प्रारूप प्रकाशन की व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ग्रामीणों से संवाद स्थापित करते हुए दावा-आपत्ति की समय-सीमा एवं प्रक्रिया की जानकारी साझा की तथा सभी पात्र नागरिकों से मतदाता सूची का अवलोकन कर आवश्यक संशोधन समय पर कराने की अपील की।
प्रशासन ने विश्वास जताया कि मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी से मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित बनाया जा सकेगा, जिससे प्रत्येक पात्र नागरिक अपने लोकतांत्रिक अधिकार का प्रभावी ढंग से उपयोग कर सकेगा।