झारखंड के चर्चित अपराधी सुजीत सिन्हा का हुआ अंतिम संस्कार, पुत्र अक्षत ने दी मुखाग्नि
पुलिस अभिरक्षा में पथरा पहुंचीं रिया सिन्हा, पति के पार्थिव शरीर से लिपटकर फूट-फूटकर रोईं

हुसैनाबाद (पलामू) : झारखंड के चर्चित अपराधी सुजीत सिन्हा की अंतिम विदाई बुधवार को बेहद भावुक माहौल में हुई। एक दिन की पैरोल पर पुलिस अभिरक्षा में पत्नी रिया सिन्हा हुसैनाबाद प्रखंड के पथरा स्थित पैतृक आवास पहुंचीं। उसने पति के पार्थिव का अंतिम दर्शन किया। इस दौरान उसके साथ पुत्र अक्षत कुमार सिन्हा भी मौजूद था। मां-बेटे की भावुक स्थिति व परिजनों के करुण क्रंदन से पूरा वातावरण गमगीन हो उठा।
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पुलिस वैन से उतरीं रिया सिन्हा सीधे अपने पति के पार्थिव के पास पहुंचीं। शव देखते ही वह खूद को संभाल नहीं सकी। पार्थिव शरीर से लिपटकर फूट-फूटकर रो पड़ी। वहीं पुत्र अक्षत कुमार सिन्हा भी अपने पिता के शव से लिपटकर बिलख उठा।इधर सुबह से ही बड़ी संख्या में ग्रामीणों व आसपास के क्षेत्रों से लोग पथरा गांव पहुंचे।
इस दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। गांव में बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। सुरक्षा व्यवस्था पर वरिष्ठ अधिकारियों की लगातार नजर बनी रही। पुलिस अभिरक्षा में ही रिया सिन्हा को अंतिम संस्कार से जुड़ी आवश्यक धार्मिक रस्मों में शामिल कराया गया। अंतिम दर्शन के बाद सुजीत सिन्हा की शवयात्रा कररबार नदी घाट के लिए रवाना हुई। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण व रिश्तेदार शामिल हुए। घाट पर वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार अंतिम संस्कार किया गया। उसके पुत्र अक्षत सिन्हा ने दी। पुलिस मुठभेड़ में हुई सुजीत सिन्हा की मौत के बाद उसकी अंतिम विदाई भी पूरे राज्य में चर्चा का विषय बनी रही। उसके दाह संस्कार के साथ ही झारखंड के अपराध जगत के लंबे समय तक चर्चित रहे एक नाम का अध्याय भी समाप्त हो गया।