ताज़ा-ख़बर

स्वतंत्रता दिवस-2026 को लेकर डीसी ने की अधिकारियों के साथ बैठक ,दिए कई निर्देश

रिपोर्ट: Roshan Sahdeo1 घंटे पहलेझारखण्ड

टॉपर्स, खिलाड़ियों बेहतर कार्य करने वाले पदाधिकारी/कर्मी को किया जायेगा सम्मानित

स्वतंत्रता दिवस-2026 को लेकर डीसी ने की अधिकारियों के साथ बैठक ,दिए कई निर्देश

लोहरदगा। उपायुक्त संदीप कुमार मीना की अध्यक्षता में बुधवार को "स्वतंत्रता दिवस-2026" के दिन लोहरदगा जिला में आयोजित किये जाने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर एक आवश्यक बैठक समाहरणालय सभाकक्ष में हुई। बैठक में विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई व आवश्यक निदेश दिये गये।

माल्यार्पण

स्वतंत्रता दिवस के मौके पर नगरपालिका क्षेत्र में अवस्थित महापुरूषों की प्रतिमा पर माल्यार्पण कार्यक्रम 8 बजे पूर्वाह्न से प्रारंभ होगा। इस दौरान उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक समेत जिला के अन्य पदाधिकारियों द्वारा शहर के शंख नदी के पास व समाहरणालय परिसर स्थित भगवान बिरसा मुण्डा की प्रतिमा, गुदड़ी बाजार अवस्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा, अजय उद्यान स्थित एसपी अजय सिंह की प्रतिमा (साथ ही समाहरणालय परिसर), उपायुक्त कार्यालय के समीप बाबा साहब भीमराम अंबेडकर की प्रतिमा, पावरगंज चौक स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा, सोमवार बाजार स्थित डाॅ राजेंद्र प्रसाद की प्रतिमा और मैना बगीचा स्थित वीर बुधू भगत की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जायेगा।

बीएस काॅलेज में ध्वजारोहण प्रातः 9.05 बजे

स्वतंत्रता दिवस का मुख्य कार्यक्रम बीएस काॅलेज स्टेडियम में होगा। इसमें मुख्य अतिथि द्वारा प्रातः 9.05 बजे ध्वजारोहण किया जायेगा। उपायुक्त द्वारा प्रातः 7.45 बजे उपायुक्त आवास और 10.30 बजे समाहरणालय परिसर में ध्वजारोहण किया जाएगा। पुलिस अधीक्षक, लोहरदगा द्वारा पुलिस अधीक्षक कार्यालय, परिसर व पुलिस लाईन में, परियोजना निदेशक आईटीडीए द्वारा आईटीडीए कार्यालय,लोहरदगा परिसर में ध्वजारोहण किया जायेगा। अनुमण्डल पदाधिकारी, लोहरदगा द्वारा सुबह 11 बजे अनुमण्डल पदाधिकारी का कार्यालय परिसर में ध्वजारोहण किया जायेगा। सभी कार्यालय प्रधान द्वारा अपने-अपने कार्यालयों में ध्वजारोहण किया जायेगा। नवोदय विद्यालय जोगना में 11.15 बजे ध्वजारोहण होगा। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर सांस्कृतिक कार्यक्रम के आयोजन हेतु पीडी आइटीडीए की अध्यक्षता में कार्यक्रम हेतु कार्ययोजना तैयार किये जाने का निदेश दिया गया। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या के अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में मंच में लाईट व साउंड की व्यवस्था व हॉल में वेंटिलेशन की व्यवस्था हेतु आवश्यक निदेश प्रशासक, नगर परिषद को दिया गया।

साफ-सफाई

नगरपालिका क्षेत्र में होनेवाले माल्यार्पण कार्यक्रम के लिए प्रतिमाओं की साफ-सफाई व रंग-रोगन की व्यवस्था करने के साथ-साथ सम्पूर्ण नगर क्षेत्र की सफाई सुनिश्चित किये जाने का निदेश प्रशासक, नगर परिषद, लोहरदगा को दिया गया। इसके अलावा प्रशासक, नगर परिषद, लोहरदगा को बीएस काॅलेज स्टेडियम में सफाई एवं सजावट की व्यवस्था, शहरी क्षेत्र में नालियों/कूड़ा-करकट की सफाई, समाहरणालय परिसर/उपायुक्त आवास परिसर/अनुमण्डल पदाधिकारी का आवास/कार्यालय परिसर/पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर की सफाई किये जाने का निदेश दिया गया। सिविल सर्जन, लोहरदगा को बीएस काॅलेज में होनेवाले मुख्य कार्यक्रम के लिए कार्यक्रम स्थल पर एंबुलेंस एवं प्राथमिक चिकित्सा एवं ग्लूकोज/ओआरएस की व्यवस्था कराने का निदेश दिया गया।

भारी वाहनों का प्रवेश वर्जित

15 अगस्त को प्रातः 5 बजे से 1 बजे अपराह्न तक लोहरदगा जिला के शहरी क्षेत्र में भारी वाहनों का प्रवेश वर्जित करने का निर्णय लिया गया। इस संबंध में अनुमंडल पदाधिकारी और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को आवश्यक निदेश दिए गए।बीएस काॅलेज स्टेडियम, लोहरदगा में फायर ब्रिगेड की व्यवस्था किये जाने का निदेश जिला अग्निशामक पदाधिकारी को दिया गया।

टॉपर्स, खिलाड़ियों बेहतर कार्य करने वाले पदाधिकारी/कर्मी को किया जायेगा सम्मानित

स्वतंत्रता दिवस के मौके पर मुख्य समारोह में इस वर्ष के 10वीं व 12वीं की परीक्षा में लोहरदगा जिला के टॉपर्स को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही, वैसे खिलाड़ियों जिन्होंने बीते एक वर्ष में राष्ट्रीय/राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में मेडल हासिल किया हो उन्हें मुख्य कार्यक्रम में सम्मानित किया जाएगा। इस वर्ष जिला स्तरीय कार्यालय में बेहतर कार्य करने वाले पदाधिकारी व कर्मी को भी सम्मानित किया जाएगा। स्वतंत्रता दिवस मुख्य समारोह में आयोजित होने वाले परेड जिला आरक्षी बल की तीन टुकड़ी, महिला पुलिस बटालियन की 01 टुकड़ी, कस्तूरबा बालिका उच्च विद्यालय की एनसीसी की छात्राओं, मुख्यमंत्री उत्कृष्ट प्लस टू नदिया हिन्दू उच्च विद्यालय के एनसीसी की टुकड़ी, जवाहर नवोदय विद्यालय जोगना की एनसीसी की एक टुकड़ी और स्काउट गाइड की एक-एक टुकड़ी भाग लेगी। परेड का पूर्वाभ्यास कार्यक्रम 10 अगस्त 2026 से 13 अगस्त 2026 तक बीएस कॉलेज स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। बैठक में पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी, उप विकास आयुक्त राज महेश्वरम, आइटीडीए परियोजना निदेशक सुषमा नीलम सोरेंग, अपर समाहर्ता जितेंद्र मुंडा, एसडीओ अमित कुमार, एसडीपीओ श्रद्धा केरकेट्टा, डीएसपी मुख्यालय समीर तिर्की, सिविल सर्जन डॉ राजू कच्छप, नजारत उप समाहर्ता अभिनीत सूरज समेत अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारीगण उपस्थित थे।

इन्हें भी पढ़ें.