गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाशपर्व पर साकची गुरुद्वारा में भव्य स्वागत, नगरकीर्तन पर होगी पुष्पवर्षा और आतिशबाजी
19 नवंबर से पांच दिवसीय प्रभात फेरी, 24 नवंबर को साकची गुरुद्वारा में सजेगा विशेष कीर्तन दरबार

जमशेदपुर : सिखों के प्रथम गुरु धन-धन श्री गुरु नानक देव जी महाराज के 557वें पावन प्रकाशपर्व को लेकर सिख समाज में धार्मिक उत्साह और श्रद्धा का माहौल है। इस अवसर पर साकची गुरुद्वारा साहिब में नगरकीर्तन का भव्य स्वागत किया जाएगा। नगरकीर्तन के आगमन पर पुष्पवर्षा, आकर्षक आतिशबाजी और रंग-बिरंगी रोशनी से स्वागत की तैयारियां की जा रही हैं। बुधवार को गुरुद्वारा प्रबंधक कमिटी, साकची के प्रधान सरदार निशान सिंह की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में प्रकाशपर्व की तैयारियों और नगरकीर्तन के स्वागत को लेकर विभिन्न निर्णय लिए गए।
24 नवंबर को नगरकीर्तन का भव्य स्वागत
प्रकाशपर्व के अवसर पर 24 नवंबर को सोनारी गुरुद्वारा साहिब से निकलने वाला भव्य नगरकीर्तन साकची गुरुद्वारा परिसर पहुंचेगा। यहां संगत द्वारा नगरकीर्तन का श्रद्धापूर्वक स्वागत किया जाएगा। प्रधान सरदार निशान सिंह ने बताया कि 24 नवंबर को दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक ही गुरु का लंगर बरताया जाएगा। उन्होंने संगत से निर्धारित समय का ध्यान रखते हुए गुरुद्वारा पहुंचने और प्रकाशपर्व की खुशियों में शामिल होने की अपील की।
19 नवंबर से शुरू होगी प्रभात फेरी
महासचिव परमजीत सिंह काले ने बताया कि प्रकाशपर्व के उपलक्ष्य में 19 से 23 नवंबर तक पांच दिवसीय प्रभात फेरी का आयोजन किया जाएगा। वहीं, 22 नवंबर को गुरुद्वारा साहिब में श्री अखंड पाठ साहिब आरंभ होगा। इसी दिन निशान साहिब का चोला श्रद्धा और धार्मिक मर्यादा के साथ बदला जाएगा। ट्रस्टी सतनाम सिंह सिद्धू ने बताया कि 24 नवंबर को साकची गुरुद्वारा साहिब में विशेष कीर्तन दरबार सजाया जाएगा। इसमें संगत गुरु की पावन गुरबाणी का श्रवण कर आध्यात्मिक आनंद प्राप्त करेगी। इस अवसर पर गुरु का अटूट लंगर भी बरताया जाएगा।
सेवा और सहयोग से सफल होगा आयोजन
बैठक में सिख स्त्री सत्संग सभा की अध्यक्षा बीबी जतिंदरपाल कौर, बीबी मनजीत कौर एवं बीबी चरण कौर तथा सुखमणि साहिब कीर्तनी जत्थे की बीबी गुरमीत कौर, कमलजीत कौर और रतनजीत कौर ने भी अपने विचार रखते हुए प्रकाशपर्व को श्रद्धा, सेवा और सामूहिक सहयोग के साथ सफल बनाने पर जोर दिया। वहीं प्रधान सरदार निशान सिंह की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में महासचिव परमजीत सिंह काले, ट्रस्टी सतनाम सिंह सिद्धू, सरदार रबीन्द्र सिंह, कोषाध्यक्ष बलबीर सिंह, त्रिलोचन सिंह तोची, सुरजीत सिंह सीते, सतिंदर सिंह रोमी, बरयाम सिंह, अजायब सिंह, सुखविंदर सिंह निक्कू, गुरमीत कौर, राजबीर कौर, कमलजीत कौर, रतनजीत कौर, मनजीत कौर, चरण कौर, मनोहर सिंह मित्ता, नरेंद्र कौर, प्रीतपाल सिंह, जगजीत सिंह, गुरप्रीत सिंह, राजेंद्र सिंह, सन्नी सिंह बरियार, गुरबख्श सिंह बरियार, अमरपाल सिंह एवं दलजीत सिंह सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।