ताज़ा-ख़बर

गुरु ग्रंथ साहिब के नए पावन स्वरूप का बिरसानगर गुरुद्वारा में भव्य स्वागत

रिपोर्ट: VBN News Desk20 घंटे पहलेझारखण्ड

पंच प्यारों की अगुवाई में टेल्को से निकला नगर कीर्तन, श्रद्धालुओं ने की पुष्पवर्षा और जलपान सेवा

गुरु ग्रंथ साहिब के नए पावन स्वरूप का बिरसानगर गुरुद्वारा में भव्य स्वागत

जमशेदपुर : बिरसानगर गुरुद्वारा साहिब में रविवार को गुरु ग्रंथ साहिब जी के नए पावन स्वरूप को पूरे धार्मिक आदर-सत्कार और श्रद्धा के साथ सुशोभित किया गया। इस अवसर पर टेल्को स्थित गुरुद्वारा साहिब से पंच प्यारों की अगुवाई में छोटे नगर कीर्तन के रूप में गुरु ग्रंथ साहिब जी महाराज का पावन स्वरूप बिरसानगर लाया गया। आयोजन को लेकर सिख संगत में उत्साह और श्रद्धा का माहौल रहा। नगर कीर्तन की शुरुआत टेल्को गुरुद्वारा साहिब में अरदास के साथ हुई। इसके बाद गुरु ग्रंथ साहिब जी के पावन स्वरूप को विशेष रूप से सजाई गई पालकी साहिब में सुशोभित किया गया। पालकी साहिब के पीछे स्त्री सत्संग सभा की महिलाएं शब्द-कीर्तन करती हुई चल रही थीं जबकि आगे सेवादार झाड़ू की सेवा निभा रहे थे। टेल्को से बिरसानगर तक रास्ते में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर नगर कीर्तन का स्वागत किया। संगत के लिए जगह-जगह जलपान सेवा शिविर भी लगाए गए। बिरसानगर गुरुद्वारा साहिब पहुंचने पर गुरु ग्रंथ साहिब जी के पावन स्वरूप को पूरे सम्मान के साथ सुशोभित किया गया। इसके बाद संगत के बीच गुरु का लंगर बरताया गया। नगर कीर्तन में बिरसानगर गुरुद्वारा के प्रधान परमजीत सिंह रोशन एवं उनकी टीम के अलावा सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान भगवान सिंह, चेयरमैन शैलेन्द्र सिंह, सुखदेव सिंह बिट्टू, महासचिव गुरचरण सिंह बिल्ला सहित विभिन्न गुरुद्वारा कमेटियों के पदाधिकारी और सदस्य शामिल हुए। सेंट्रल सिख नौजवान सभा तथा सेंट्रल सिख स्त्री सत्संग सभा के पदाधिकारियों ने भी सहभागिता की। गुरु महाराज के पावन स्वरूप की सेवा राजवीर सिंह द्वारा की गई। बिरसानगर गुरुद्वारा प्रबंधन, स्त्री सत्संग सभा, सिख नौजवान सभा और स्थानीय संगत ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी सेवादारों तथा स्थानीय प्रशासन के प्रति आभार जताया।

इन्हें भी पढ़ें.