जयपुर के लिए सीधी ट्रेन शुरू होने पर सांसद विष्णु दयाल राम के प्रति जताया आभार
डॉ. जायसवाल ने कहा कि सांसद विष्णु दयाल राम ने इस रेल सेवा को शुरू कराने के लिए लगातार प्रयास किया।

हैदरनगर (पलामू) : टाटानगर से जपला होते हुए जयपुर के लिए 26 अक्टूबर से सीधी साप्ताहिक ट्रेन का परिचालन शुरू होने पर सांसद प्रतिनिधि डॉ. अजय जायसवाल ने हैदरनगर प्रखंड की जनता की ओर से पलामू सांसद विष्णु दयाल राम के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने इस पहल को क्षेत्र के यात्रियों के लिए बड़ी सौगात बताया।
डॉ. जायसवाल ने कहा कि सांसद विष्णु दयाल राम ने इस रेल सेवा को शुरू कराने के लिए लगातार प्रयास किया। उन्होंने लोकसभा में नियम 377, शून्यकाल और विभिन्न बैठकों के माध्यम से इस मांग को प्रमुखता से उठाया। साथ ही रेल मंत्रालय के समक्ष व्यक्तिगत रूप से भी अपनी मांग रखी थी। उनके प्रयासों से क्षेत्रवासियों की लंबे समय से प्रतीक्षित मांग पूरी होने जा रही है।
उन्होंने कहा कि इस ट्रेन के परिचालन से मोहम्मदगंज, हैदरनगर और हुसैनाबाद क्षेत्र के यात्रियों को विशेष लाभ मिलेगा। नौकरी, कारोबार, शिक्षा, पर्यटन और धार्मिक यात्रा के लिए जयपुर जाने वाले लोगों को सीधी रेल सुविधा मिलने से आवागमन आसान होगा। रेल विभाग की ओर से ट्रेन की समय-सारणी भी उपलब्ध करा दी गई है।
डॉ. जायसवाल ने इस सुविधा के लिए रेल मंत्री को भी बधाई दी। साथ ही उन्होंने हैदरनगर रेलवे फाटक संख्या 50 पर ओवरब्रिज का निर्माण जल्द शुरू कराने की मांग उठाई, ताकि लोगों को आवागमन में होने वाली परेशानियों से राहत मिल सके।