अरगड़ा क्षेत्र में समाधान शिविर, कर्मचारियों की शिकायतों का मौके पर निस्तारण
सीसीएल के एकदिवसीय शिविर में आवास, पदोन्नति व सेवा संबंधी मामलों की सुनवाई, अधिकांश शिकायतों का तत्काल समाधान

Ranchi: सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) के निदेशालय की ओर से बुधवार को अरगड़ा क्षेत्र में एक दिवसीय समाधान शिविर का आयोजन किया गया। सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित इस शिविर में कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न सेवा संबंधी समस्याएं और शिकायतें प्रबंधन के समक्ष रखीं।
शिविर की अध्यक्षता समाधान प्रकोष्ठ के मुख्य प्रबंधक गौतम चौधरी ने की। इस अवसर पर अरगड़ा क्षेत्र के स्टाफ अधिकारी (मानव संसाधन एवं प्रशासन) राजीव कुमार, मुख्य प्रबंधक (कार्मिक) तेजविंदर सिंह, वरीय प्रबंधक (मानव संसाधन) एवं समाधान सेल की नोडल अधिकारी ऋचा टाइटस, स्टाफ अधिकारी (सिविल), सभी इकाइयों के मानव संसाधन अधिकारी तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
शिविर में कर्मचारियों की आवास (क्वार्टर) अनुरक्षण, पदोन्नति और अन्य सेवा संबंधी समस्याओं की सुनवाई की गई। अधिकारियों ने संवेदनशीलता और तत्परता दिखाते हुए अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर कर्मचारियों को तत्काल राहत प्रदान की। जिन मामलों में विस्तृत प्रक्रिया की आवश्यकता थी, उन्हें नियमानुसार समयबद्ध कार्रवाई के लिए दर्ज किया गया।
सीसीएल प्रबंधन ने कहा कि इस प्रकार के समाधान शिविर कर्मचारियों की शिकायतों के त्वरित निस्तारण, पारदर्शिता और जवाबदेह कार्य संस्कृति को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हैं। इससे कर्मचारियों और प्रबंधन के बीच संवाद एवं विश्वास भी सुदृढ़ होता है।