चैनपुर में मतदाता सूची के प्रारूप का प्रकाशन, 7 अक्टूबर को जारी होगी अंतिम सूची
एसआईआर-2026 के तहत सभी मतदान केंद्रों व पंचायत सचिवालयों में प्रदर्शित की गई सूची, 5 अगस्त से शुरू हुई दावा-आपत्ति प्रक्रिया

Raghvendra Tiwari चैनपुर (पलामू): मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के तहत बुधवार को चैनपुर प्रखंड में मतदाता सूची के प्रारूप का प्रकाशन किया गया। इस अवसर पर प्रखंड क्षेत्र के सभी मतदान केंद्रों एवं पंचायत सचिवालयों में मतदाता सूची की प्रारूप प्रति चस्पा कर आम लोगों के अवलोकन के लिए उपलब्ध कराई गई।
चैनपुर प्रखंड कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में प्रखंड निर्वाची पदाधिकारी सह अंचलाधिकारी सत्यम कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रदीप दास, जिला परिषद सदस्य प्रमोद सिंह, सीआई चंद्रशेखर तिवारी, बीपीओ अरविंद सिंह सहित अन्य अधिकारियों ने मतदाता सूची का प्रारूप प्रदर्शित किया।
इस अवसर पर अंचलाधिकारी सत्यम कुमार ने कहा कि मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण भारत निर्वाचन आयोग का महत्वपूर्ण अभियान है, जिसका उद्देश्य मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाना है। उन्होंने सभी बीएलओ एवं पर्यवेक्षकों को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।
उन्होंने बताया कि 5 अगस्त से 3 अक्टूबर 2026 तक दावा-आपत्ति, नोटिस जारी करने और सत्यापन की प्रक्रिया चलेगी। मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने अथवा संशोधन से संबंधित दावा एवं आपत्तियां 5 अगस्त से 4 सितंबर 2026 तक स्वीकार की जाएंगी। इसके बाद प्राप्त दावों और आपत्तियों का सत्यापन एवं निस्तारण 3 अक्टूबर 2026 तक किया जाएगा, जबकि 7 अक्टूबर 2026 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।