महीनों से खराब पड़ा चापाकल, सरईडीह के ग्रामीण पेयजल संकट से परेशान
भीषण गर्मी में बढ़ी मुश्किलें, ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र मरम्मत की लगाई गुहार

बरवाडीह (लातेहार)। बरवाडीह प्रखंड क्षेत्र की केचकी पंचायत अंतर्गत ग्राम सरईडीह टोला शिवसागर में हसीबुल अंसारी के घर के समीप मुख्य सड़क किनारे स्थित चापाकल कई महीनों से खराब पड़ा हुआ है। इसके कारण स्थानीय ग्रामीणों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार चापाकल खराब होने से उन्हें दैनिक उपयोग और पेयजल के लिए दूर-दराज के जलस्रोतों पर निर्भर रहना पड़ रहा है। भीषण गर्मी के मौसम में पानी की समस्या और गंभीर हो गई है, जिससे महिलाओं, बच्चों एवं बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि समस्या की जानकारी संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को होने के बावजूद अब तक चापाकल की मरम्मत की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई है। इससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और उपायुक्त से अविलंब चापाकल की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि क्षेत्र के लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके और लंबे समय से चली आ रही पानी की समस्या से राहत मिल सके।