चौका-कांड्रा मार्ग को लेकर भड़के हरे लाल महतो, कहा: सड़क बदहाल लेकिन टोल वसूली जारी
जनता की जान से खिलवाड़ बंद हो, नहीं तो होगा उग्र आंदोलन : हरे लाल महतो

चांडिल : सरायकेला-खरसावां जिले के महत्वपूर्ण चौका-कांड्रा मार्ग की जर्जर हालत को लेकर अब जनआक्रोश तेज होने लगा है। आजसू पार्टी के केंद्रीय महासचिव एवं ईचागढ़ के पूर्व विधायक प्रत्याशी हरे लाल महतो ने सड़क निर्माण एजेंसी और सरकार पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जल्द मरम्मत कार्य शुरू नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। सोमवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में हरे लाल महतो ने कहा कि चौका-कांड्रा मार्ग ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र समेत सरायकेला-खरसावां और पश्चिमी सिंहभूम जिले के हजारों लोगों के लिए राजधानी रांची जाने का प्रमुख संपर्क मार्ग है। इसके बावजूद सड़क की स्थिति पिछले करीब एक वर्ष से बेहद खराब बनी हुई है। उन्होंने कहा कि सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे बन चुके हैं और भारी वाहनों के लगातार परिचालन से मार्ग पूरी तरह उखड़ चुका है। हरे लाल महतो ने कहा कि खासकर चौका क्षेत्र के आसपास हालात अत्यंत भयावह हैं। रोजाना वाहन गड्ढों में फंस रहे हैं और दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि सड़क की खराब स्थिति के बावजूद टोल टैक्स की वसूली लगातार जारी है लेकिन सड़क मरम्मत के नाम पर कोई ठोस पहल नहीं की जा रही। उन्होंने कहा कि सड़क किनारे रहने वाले दुकानदार और ग्रामीण धूल और कीचड़ के बीच नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। गर्मी में उड़ती धूल लोगों के स्वास्थ्य पर असर डाल रही है जबकि बारिश के दिनों में कीचड़ और जलजमाव से हालात और भी खराब हो जाते हैं। हरे लाल महतो ने प्रशासनिक अधिकारियों पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि कोल्हान आयुक्त कार्यालय से लेकर जिला मुख्यालय तक के अधिकारी इसी मार्ग से रांची आते-जाते हैं इसके बावजूद सड़क की दुर्दशा पर कोई गंभीर पहल नहीं की जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र सड़क निर्माण और सुदृढ़ीकरण का कार्य शुरू नहीं किया गया तो क्षेत्र की जनता के साथ मिलकर अनिश्चितकालीन सड़क जाम आंदोलन किया जाएगा जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार और संबंधित विभाग की होगी।