ताज़ा-ख़बर

ईच्छापुर ग्वालपाड़ा मैदान से हटने लगा जलजमाव, खबर के बाद हरकत में आया नगर निगम

रिपोर्ट: MANISH 17 घंटे पहलेझारखण्ड

झारखंड प्रहरी और वीबीएन न्यूज़ की खबर का असर, स्थानीय लोगों ने जताया आभार

ईच्छापुर ग्वालपाड़ा मैदान से हटने लगा जलजमाव, खबर के बाद हरकत में आया नगर निगम

आदित्यपुर : नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 27/28 अंतर्गत इच्छापुर स्थित ग्वालपाड़ा मैदान में जलजमाव की समस्या को लेकर सोमवार को झारखंड प्रहरी दैनिक समाचार पत्र और वीबीएन न्यूज़ पोर्टल पर प्रमुखता से खबर प्रकाशित होने के बाद मंगलवार को प्रशासन हरकत में आ गया। नगर निगम की ओर से मैदान और आसपास की जाम नालियों की सफाई का कार्य शुरू कर दिया गया जिससे स्थानीय लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई है। गौरतलब है कि लंबे समय से ग्वालपाड़ा मैदान पूरी तरह जलमग्न हो गया था। मैदान में पानी जमा रहने के कारण बच्चों और युवाओं की खेलकूद गतिविधियां बंद हो गई थीं वहीं स्थानीय लोगों को व्यायाम और अन्य गतिविधियों में भी परेशानी हो रही थी। इस समस्या को युवा नेता सह समाजसेवी विशेष कुमार उर्फ बाबू तांती ने प्रमुखता से उठाया था और नगर निगम प्रशासन से अविलंब समाधान की मांग की थी। खबर प्रकाशित होने के बाद मंगलवार को नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और जाम नालियों की सफाई के साथ मैदान से जलनिकासी का कार्य शुरू किया। सफाई कार्य शुरू होने पर स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली और मीडिया व प्रशासन के प्रति आभार जताया। युवा नेता विशेष कुमार उर्फ बाबू तांती ने कहा कि जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने में मीडिया की भूमिका सराहनीय है। उन्होंने आदित्यपुर नगर निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को धन्यवाद देते हुए कहा कि अब क्षेत्र के बच्चे और युवा फिर से मैदान में खेलकूद और व्यायाम कर सकेंगे। आभार व्यक्त करने वालों में सचिन महतो, बिनोद महतो, कार्तिक मंडल, शर्मा जी, सिन्हा जी तथा मेयर प्रत्याशी रमेश बालमुचू समेत कई स्थानीय लोग शामिल रहे। क्षेत्रवासियों ने उम्मीद जताई कि नगर निगम आगे भी नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करेगा ताकि दोबारा ऐसी समस्या उत्पन्न न हो।

इन्हें भी पढ़ें.