ठुठाकुसुम में दो पल्सर बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, दोनों युवक गंभीर रूप से घायल
भीषण टक्कर के बाद एमएमसीएच रेफर, पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइकें जब्त कर शुरू की जांच

बरवाडीह, लातेहार : बरवाडीह थाना क्षेत्र के बरवाडीह-कुटमू मुख्य मार्ग पर ठुठाकुसुम स्थित भगत सिंह चौक के समीप सोमवार सुबह करीब 9 बजे दो पल्सर बाइकों के बीच आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में दोनों चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरवाडीह पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए एमएमसीएच मेदिनीनगर रेफर कर दिया। घायलों की पहचान कुचिला निवासी विनय राम (25 वर्ष), पिता नरेश राम तथा लुहुर निवासी मंदीप राम (22 वर्ष), पिता स्वर्गीय विश्वनाथ राम के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार विनय राम अपनी बाइक से बरवाडीह से कुटमू की ओर पेट्रोल भरवाने जा रहे थे जबकि मंदीप राम पेट्रोल पंप से तेल भरवाकर रेलवे आरओएच में कार्य करने के लिए निकले थे। इसी दौरान ठुठाकुसुम के समीप दोनों बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि एक बाइक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना में शामिल एक काले रंग की पल्सर 125 सीसी बाइक का निबंधन संख्या JH03AS6017 है जबकि दूसरी सफेद रंग की नई पल्सर 125 सीसी बाइक पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी जिसके कारण उसका पंजीकरण नंबर स्पष्ट नहीं हो सका। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अनुराग कुमार के निर्देश पर एएसआई नीरज दुबे पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और दोनों क्षतिग्रस्त बाइकों को कब्जे में लेकर थाना ले गए। पुलिस मामले की जांच कर दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है। इधर बरवाडीह पंचायत समिति सदस्य प्रवीण कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया। बाद में उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जाकर घायलों का हालचाल जाना तथा परिजनों को हरसंभव सहायता का भरोसा दिया। स्थानीय लोगों ने इस दुर्घटना पर चिंता व्यक्त करते हुए वाहन चालकों से सड़क पर सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की अपील की है। उनका कहना है कि तेज रफ्तार और असावधानी के कारण इस प्रकार की दुर्घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं जिन पर नियंत्रण के लिए जागरूकता और यातायात नियमों के पालन की आवश्यकता है।