ताज़ा-ख़बर

पूर्वी सिंहभूम में स्वास्थ्य सुविधाओं को मिली नई दिशा, सदर अस्पताल, खासमहल में सिकल सेल एनीमिया जांच लैब का शुभारंभ

रिपोर्ट: VBN News Desk14 घंटे पहलेझारखण्ड

झारखंड में सिकल सेल उन्मूलन मिशन को मिला बड़ा सहारा, दो लाख लोगों की होगी स्क्रीनिंग

पूर्वी सिंहभूम में स्वास्थ्य सुविधाओं को मिली नई दिशा, सदर अस्पताल, खासमहल में सिकल सेल एनीमिया जांच लैब का शुभारंभ

जमशेदपुर : झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले में बुधवार को स्वास्थ्य सेवाओं को एक बड़ा आधार मिला जब सदर अस्पताल, खासमहल में अत्याधुनिक सिकल सेल एनीमिया स्क्रीनिंग प्रयोगशाला का शुभारंभ किया गया। यह पहल राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, झारखंड सरकार और टाटा स्टील फाउंडेशन के संयुक्त प्रयासों से साकार हुई है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में स्वास्थ्य, खाद्य आपूर्ति एवं आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ. इरफान अंसारी उपस्थित रहे। साथ ही पोटका विधायक संजय सरदार, जमशेदपुर पूर्व की विधायक पूर्णिमा साहू, स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह, मिशन निदेशक शशि प्रकाश झा, उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी, सिविल सर्जन डॉ. सहेब पाल, टाटा स्टील फाउंडेशन के निदेशक डी.बी. सुंदरा रामन और सीईओ सौरव रॉय भी उपस्थित थे। नई लैब आईसीएमआर-स्वीकृत डीबीएस-पीसीआर तकनीक पर आधारित है जिसे सीएसआईआर-सीसीएमबी ने विकसित किया है। यह लैब पूर्वी सिंहभूम जिला सहित दूरस्थ आदिवासी क्षेत्रों से आने वाले नमूनों का केंद्रीय प्रसंस्करण केंद्र होगी जिससे तेज़, सटीक और सुलभ डायग्नोस्टिक सेवाएँ मिल सकेंगी। टाटा स्टील फाउंडेशन के निदेशक डी.बी. सुंदर रामा ने कहा कि यह परियोजना दूरदराज के समुदायों में स्वास्थ्य चुनौतियों से निपटने की दिशा में एक बड़ा कदम है। 4.25 करोड़ रुपये की लागत से शुरू यह परियोजना दो वर्षों में 2 लाख लोगों की स्क्रीनिंग का लक्ष्य रखती है जिसमें विशेष रूप से आदिवासी एवं अत्यंत संवेदनशील जनजातीय समूह (पीवीटीजी) को प्राथमिकता दी जाएगी। यह पहल राष्ट्रीय सिकल सेल उन्मूलन मिशन (2023–2047) के अनुरूप है। सभी परिणाम आभा आईडी और मोबाइल नंबर के माध्यम से राष्ट्रीय सिकल सेल ऐप पर डिजिटल रूप से उपलब्ध होंगे। यह नई सुविधा पूर्वी सिंहभूम में जन स्वास्थ्य के भविष्य को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगी।

इन्हें भी पढ़ें.