आज रात आसमान में चमकेगा साल का आख़िरी सुपरमून, ज्यादा बड़ा और चमकदार दिखाई देगा पूर्णिमा का चांद
3,57,218 किमी की दूरी पर कोल्ड मून, मून-इल्युजन करेगा मंत्रमुग्ध

रांची : खगोल विज्ञान प्रेमियों के लिए आज गुरुवार की रात बेहद खास होने वाली है। आसमान में वर्ष 2025 का अंतिम सुपरमून दिखाई देगा जो सामान्य पूर्णिमा की तुलना में अधिक बड़ा, अधिक चमकीला और अत्यंत प्रभावशाली होगा। इस विशेष पूर्णिमा को कोल्ड मून भी कहा जाता है। नेशनल अवॉर्ड प्राप्त विज्ञान प्रसारक सारिका घारू के अनुसार आज रात चंद्रमा पृथ्वी के क़रीब 3,57,218 किमी की दूरी पर होगा। पृथ्वी से निकटतम बिंदु (पेरिजी) पर होने के कारण उसका आकार और चमक दोनों सामान्य पूर्णिमा की तुलना में लगभग 14% अधिक दिखेंगे। चंद्रमा सुबह 4:44 बजे अपने निकटतम बिंदु पर पहुंचेगा जिससे उसकी रोशनी और भी प्रखर हो जाएगी। उदय होते समय मून इल्युजन की वजह से चंद्रमा का आकार असाधारण रूप से बड़ा दिखाई देगा, यह एक दृश्य भ्रम है लेकिन अनुभव बेहद अद्भुत होता है। इस खगोलीय घटना को देखने के लिए किसी दूरबीन या उपकरण की आवश्यकता नहीं है। विशेषज्ञों का कहना है कि शहर की रोशनी से दूर खुले आकाश वाले स्थान से देखने पर सुपरमून की चमक और विशालता और भी स्पष्ट दिखेगी। खगोल वैज्ञानिकों के अनुसार जब पूर्णिमा के समय चंद्रमा अपनी दीर्घवृत्ताकार कक्षा में पृथ्वी के सबसे पास पहुंचता है तो यह सुपरमून बन जाता है। यह घटना वर्ष में कुछ ही बार होती है और हर बार प्रकृति प्रेमियों के लिए एक अद्भुत दृश्य लेकर आती है।