ताज़ा-ख़बर

ईएसआईसी के 75वें स्थापना वर्ष पर आदित्यपुर अस्पताल में स्वास्थ्य मेला, श्रमिकों को योजनाओं की दी जानकारी

रिपोर्ट: MANISH 3 घंटे पहलेझारखण्ड

सीपीआर प्रशिक्षण, स्वास्थ्य जांच शिविर और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, श्रमिकों की सुरक्षा पर जोर

ईएसआईसी के 75वें स्थापना वर्ष पर आदित्यपुर अस्पताल में स्वास्थ्य मेला, श्रमिकों को योजनाओं की दी जानकारी

आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर स्थित एम्प्लॉयीज स्टेट इन्सुरेंस कॉर्पोरेशन (ईएसआईसी) अस्पताल में 75वें स्थापना वर्ष के अवसर पर शनिवार को स्वास्थ्य मेला और जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में श्रमिकों, नियोक्ताओं और कर्मचारियों को ईएसआईसी की विभिन्न योजनाओं, बीमा लाभों और दावा प्रतिपूर्ति प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। जानकारी के अनुसार ईएसआईसी अपने 75वें स्थापना वर्ष के उपलक्ष्य में 24 फरवरी 2026 से विशेष सेवा पखवाड़ा मना रहा है। वर्ष 1952 में भारत सरकार के मिनिस्ट्री ऑफ लेबर एंड एम्प्लॉयमेंट के अंतर्गत स्थापित ईएसआईसी वर्तमान में देशभर में लगभग 3.84 करोड़ बीमित व्यक्तियों और करीब 14.9 करोड़ लाभार्थियों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान कर रहा है। इस विशेष पखवाड़े के तहत आदित्यपुर ईएसआईसी अस्पताल द्वारा विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में निवारक स्वास्थ्य जांच शिविर और स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों में श्रमिकों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिल रही है। कार्यक्रम में अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ पी के सिंह, उप चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एस. एन. साहा, प्रशासनिक और लेखा अधिकारी, विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधि तथा औद्योगिक क्षेत्रों के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इस दौरान मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों ने अधिकारियों, कर्मचारियों और नियोक्ताओं को सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) तकनीक का लाइव प्रदर्शन कर प्रशिक्षण दिया। साथ ही ओपन हाउस सत्र में नियोक्ताओं द्वारा पूछे गए सवालों का अधिकारियों ने विस्तार से जवाब दिया। कार्यक्रम के दौरान चिकित्सा अधीक्षक ने अतिथियों, बीमित व्यक्तियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया। वहीं नुक्कड़ नाटक के माध्यम से ईएसआईसी की सेवाओं और योजनाओं के बारे में लोगों को जागरूक किया गया। अधिकारियों ने कहा कि ईएसआईसी स्थापना के बाद से ही देश के श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

इन्हें भी पढ़ें.