ताज़ा-ख़बर

महिला दिवस पर सांसद जोबा माझी ने दी महिलाओं को शुभकामनाएं, मुख्यमंत्री आवास विवाद पर कहा- यह व्यक्तिगत नहीं, सरकारी आवास

रिपोर्ट: MANISH 3 घंटे पहलेझारखण्ड

सीएम आवास रिनोवेशन पर सियासत तेज, सांसद ने विपक्ष पर साधा निशाना, विधायक प्रतिनिधि बोले: जनता के पैसे से बन रहा शीश महल

महिला दिवस पर सांसद जोबा माझी ने दी महिलाओं को शुभकामनाएं, मुख्यमंत्री आवास विवाद पर कहा- यह व्यक्तिगत नहीं, सरकारी आवास

सरायकेला : अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सरायकेला-खरसावां जिला प्रशासन की ओर से शनिवार को समाहरणालय परिसर में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सिंहभूम की सांसद जोबा माझी शामिल हुईं। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में विधायक प्रतिनिधि सनत कुमार आचार्य, उप विकास आयुक्त रीना हांसदा और जिला महिला एवं बाल विकास पदाधिकारी सत्या ठाकुर समेत कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा बाल विवाह जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना करने के साथ हुई। इस रथ के माध्यम से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में बाल विवाह के प्रति जागरूकता फैलाने का अभियान चलाया जाएगा। इस मौके पर सांसद जोबा माझी ने जिले की महिलाओं को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महिलाएं तभी वास्तविक रूप से सशक्त होंगी जब उन्हें समाज में बराबरी का अधिकार और सम्मान मिलेगा। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं शिक्षा, प्रशासन, राजनीति और अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर रही हैं। इसलिए समाज की जिम्मेदारी है कि उन्हें आगे बढ़ने के लिए समान अवसर और सहयोग दिया जाए। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री आवास के रिनोवेशन को लेकर पूछे गए सवाल पर सांसद ने सीधे प्रतिक्रिया देने से परहेज किया लेकिन विपक्ष द्वारा उठाए जा रहे सवालों पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री आवास कोई निजी आवास नहीं बल्कि सरकारी आवास होता है। इसलिए इस मुद्दे पर विपक्ष को ही स्पष्ट करना चाहिए कि वे इस पर सवाल क्यों उठा रहे हैं। वहीं विधायक प्रतिनिधि सनत कुमार आचार्य ने मुख्यमंत्री आवास के नवीनीकरण को लेकर अलग राय व्यक्त की। उन्होंने कहा कि राज्य के कई विभाग आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं जबकि दूसरी ओर जनता के पैसों से मुख्यमंत्री आवास को शीश महल जैसा रूप दिया जा रहा है जो कई सवाल खड़े करता है। उन्होंने भी महिला दिवस के अवसर पर महिलाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महिलाएं अनेक चुनौतियों का सामना करते हुए समाज और देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। इसलिए समाज के सभी वर्गों को महिलाओं के उत्थान के लिए आगे आना चाहिए और उन्हें उनका अधिकार तथा सम्मान दिलाना चाहिए।

इन्हें भी पढ़ें.